- जिले में पूरी तरह से बंद रहेगी भारी वाहनों की एंट्री
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने सड़कों पर वाहनों के डायवर्जन का खाका तैयार कर लिया है। ट्रैफिक डायवर्जन को पांच फरवरी से लागू कर दिया जाएगा जोकि 15 फरवरी तक लागू रहेगा। जिले में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति के वाहन रात में 11 बजे से सुबह चार बजे तक चल सकेंगे।
पंद्रह फरवरी को महाशिवरात्रि है। शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ लेकर निकलते हैं। ऐसे में रास्तों पर कांवड़ियों की भीड़ उमड़ती है। पैदल चल रहे कांवड़ियों की यात्रा सुगम हो सके, इसके लिए वाहनों का डायवर्जन भी जरूरी हो जाता है। सोमवार को एसपी अभिषेक झा ने ट्रैफिक डायवर्जन के प्लान पर हामी भरते हुए पांच फरवरी से लागू करने के आदेश जारी कर दिए।
– जरूरी वस्तुओं के वाहनों को ही जिले में मिलेगी एंट्री
ट्रक, डंपर, डीसीएम, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित सभी भारी मालवाहक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा। केवल खाद्य सामग्री, पेट्रोलियम, गैस और मेडिकल से जुड़े आवश्यक वस्तुओं के वाहनों को ही जिले में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इन वाहनों का आवागमन भी रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक थाना मोबाइल की एस्कॉर्ट व्यवस्था में कराया जाएगा।
– मुजफ्फरनगर के रास्ते हरिद्वार जाएंगे वाहन
बिजनौर से हरिद्वार जाने वाले हल्के और भारी वाहन गंगा बैराज होते हुए मुजफ्फरनगर मार्ग से भेजे जाएंगे। जबकि कांवड़ियों के वाहनों को मंडावर, नांगल, मंडावली और भागूवाला होते हुए हरिद्वार की ओर भेजा जाएगा। बिजनौर से मंडावर-बालावाली-लक्सर मार्ग पर भारी और मध्यम वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
– फोरलेन हाईवे से जाएंगे पौड़ी जाने वाले वाहन
कोटद्वार और पौड़ी की तरफ जाने वाले वाहन बिजनौर से फोरलेन हाईवे से होते हुए नजीबाबाद और नजीबाबाद बाईपास के जरिए कोटद्वार की तरफ जाएंगे। हरिद्वार को कोटद्वार जाने वाले हल्के वाहन समीपुर नहर पटरी से निकाले जाएंगे। जबकि हरिद्वार से कोटद्वार जाने वाले भारी वाहन मुजफ्फरनगर के रास्ते बिजनौर आएंगे और किरतपुर नजीबाबाद होते हुए कोटद्वार की तरफ जाएंगे।
– यहां से निकलेंगे मुरादाबाद से आने-जाने वाले भारी वाहन
मुरादाबाद, काशीपुर और मुजफ्फरनगर की दिशा से आने-जाने वाले भारी वाहनों को हापुड़, संभल, अनूपशहर के गुजरने वाले वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
– इन वाहनों पर रहेगा पूरी तरह से प्रतिबंध
डायवर्जन के दौरान ट्रक, डंपर, डीसीएम, ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य भारी वाहनों पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा जबकि खाद्य सामग्री, गैस, पेट्रोलियम व मेडिकल से जुड़े आवश्यक वाहन रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक चल सकेंगे।
— कांवड़ यात्रा मार्गों के किनारे से हटाई जाएंगी झाड़ियां
अफजलगढ़। नगर पालिका के ईओ सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर कई कदम उठाए गए हैं। इनमें कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर कांवड़ यात्रा मार्गों के किनारे मौजूद झाड़ियों को हटाया जाएगा। नगर पालिका के सफाई नायकों के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों द्वारा कांवड़ यात्रा मार्गों पर सफाई की जाएगी तथा सड़क के दोनों ओर की झाड़ियों को हटाया जाएगा। भांग के पौधों को जड़ से उखाड़कर फेंका जाएगा। वहीं, सड़क हादसों को रोकने के लिए कांवड़ यात्रा मार्गों पर लगे खंभों तथा पेड़ों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने का कार्य कराया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.