जोधपुर में एक महिला ने अपने साथ मारपीट, छेड़छाड़ और रेप के प्रयास का मामला दर्ज करवाया है। उसने अपने चाचा, रिश्तदारों सहित अन्य के खिलाफ शहर के एक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं महिला के खिलाफ भी दूसरे पक्ष की ओर से शादी समारोह में धमकियां देने, मेहमानों पर एसिड फेंकने के प्रयासों को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। दोनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने मौका मुआयना भी किया है। जबकि दूसरे पक्ष में से एक कांग्रेस विधायक के भाई बताए जा रहे हैं। बकाया रुपए मांगने पर मारपीट का आरोप
पुलिस के मुताबिक- महिला ने अपने चाचा और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ बकाया रुपए मांगने पर मारपीट करने के आरोप लगाए। साथ ही रिपोर्ट में बताया कि उसके साथ जबरन रेप करने का प्रयास किया गया। उसे किडनैप करने की कोशिश भी की गई। 34 वर्षीय महिला का आरोप है कि उसके चाचा ने वर्ष 2011 में उनसे प्लॉट के बदले 65 लाख रुपए लिए थे। इसके बावजूद प्लॉट नहीं दिया और रुपए भी नहीं लौटाए। यही रुपए मांगने के लिए वह 12 मार्च को एक होटल में चल रहे शादी समारोह में गई थी। वहां उनके साथ बदसलूकी की गई। उसका मोबाइल छीन लिया गया। महिला ने बताया- मामले को लेकर समाज के लोगों और कांग्रेस विधायक से बातचीत करने के बाद वह दूसरे होटल में बातचीत करने के लिए 15 मार्च को गई थी। होटल में करीब रात 10:30 बजे मेरे साथ अश्लील हरकतें की गईं। वहां मौजूद आरोपियों ने उनके कपड़े फाड़ दिए। पेट पर लात-घूंसे मारे। वहीं शादी पंडाल से बाहर सुनसान स्थल पर ले जाकर रेप करने की कोशिश की। महिला का आरोप है कि एक आरोपी कांग्रेस विधायक का भाई है, जबकि दूसरा उनका PA रह चुका है। महिला ने कहा- वर्ष 2025 में भी मेरे साथ मारपीट कर मंगलसूत्र लूट लिया गया था। उस समय पुलिस में झूठे बयान देकर मामले में आरोपी ने FIR दर्ज करवा दी थी। दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें बताया- 15 मार्च को उनकी भांजी का वैवाहिक कार्यक्रम होटल में चल रहा था। वहां करीब रात 11 बजे एक महिला होटल के रिसेप्शन की तरफ आई। यहां मेहमान भी थे। इनमें से एक महिला के रिश्ते में चाचा लगते हैं। उन्हें देखकर महिला ने उनके साथ मारपीट करने का प्रयास किया। महिला ने 70 लाख रुपए नहीं देने पर जान से मारने की धमकियां भी दी। आरोप है कि महिला अपने साथ अन्य महिलाओं को लेकर आई और शादी समारोह में आए मेहमानों पर मिर्ची का स्प्रे और एसिड फेंकने की कोशिश की। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मामला शांत हुआ। फिलहाल दोनों पक्षों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने पूरे मामले में दोनों होटल के CCTV भी कब्जे में लिए हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.