NEET UG Form 2026: NEET UG परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले हजारों छात्रों को अंतिम दिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. तकनीकी समस्या के कारण आधिकारिक वेबसाइट कई बार ठप हो गई, जिससे बड़ी संख्या में छात्र अपना आवेदन फॉर्म समय पर भर नहीं पाए. लगातार आ रही सर्वर और लॉगिन समस्याओं के कारण छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिली. सोशल मीडिया पर भी आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग तेज हो गई है. अब छात्र संगठन और अभ्यर्थी NTA से डेडलाइन बढ़ाने और तकनीकी समस्या जल्द दूर करने की मांग कर रहे हैं.
इस स्थिति ने छात्रों और उनके अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। छात्रों का कहना है कि अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ और अंतिम तिथि नहीं बढ़ाई गई, तो उनका पूरा साल बर्बाद हो सकता है. इसलिए उन्होंने केंद्र सरकार और NTA से जल्द तकनीकी समस्या दूर करने और आवेदन तिथि बढ़ाने की मांग की है.
वेबसाइट की तकनीकी समस्या की वजह से फॉर्म नहीं भर पाए
डिंपल ने बताया कि NEET UG के आवेदन की अंतिम तिथि आज है, लेकिन पिछले कई दिनों से वेबसाइट ठीक से काम नहीं कर रही है. हम लोग बार-बार कोशिश कर रहे हैं, लेकिन फॉर्म सबमिट ही नहीं हो पा रहा है. कई बार ई-मित्र केंद्र पर जाकर घंटों इंतजार किया, फिर भी साइट नहीं खुल रही. हमारे जैसे बहुत सारे स्टूडेंट्स इस वजह से परेशान हो रहे हैं. हमने पूरे साल मेहनत करके परीक्षा की तैयारी की है और अब अगर सिर्फ वेबसाइट की तकनीकी समस्या की वजह से फॉर्म नहीं भर पाए तो हमारा पूरा साल खराब हो सकता है.
कभी फॉर्म सबमिट नहीं होता
इरफान ने बताया पिछले कई दिनों से NEET UG का फॉर्म भरने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वेबसाइट बार-बार नहीं चल रही है या खुल ही नहीं रही. कभी लॉगिन नहीं होता तो कभी फॉर्म सबमिट नहीं होता. कई बार देर रात तक भी कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. इस वजह से हम जैसे कई स्टूडेंट्स काफी तनाव में हैं. हम लोग मेडिकल की पढ़ाई करने का सपना लेकर तैयारी कर रहे हैं और यह परीक्षा हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है. अगर अंतिम तिथि तक वेबसाइट की समस्या ठीक नहीं होती और फॉर्म नहीं भर पाए, तो हमारा पूरा साल बर्बाद हो सकता है. इसलिए हमारी मांग है कि NTA इस समस्या को गंभीरता से ले और अंतिम तिथि को बढ़ाए.
कई दिनों से साइट में दिक्कत आ रही
ई-मित्र पर कंप्यूटर ऑपरेटर सोनू सिंह ने बताया कि बीते कई दिनों से साइट में दिक्कत आ रही है. करीब 10 से 15 दिनों से नीट के फॉर्म भरने वाली वेबसाइट में एरर सामने आ रहा है. इसके चलते छात्र फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं.यहां ई-मित्र पर रोजाना 50 से अधिक छात्र फॉर्म भरवाने के लिए आ रहे हैं, लेकिन सभी को घंटे इंतजार करने के बावजूद भी साइट नहीं चलने की वजह से वापस लौटना पड़ रहा है. देर रात तक भी हम ई-मित्र खुला रखकर इंतजार करते हैं कि साइट चल जाए, लेकिन साइट नहीं चल रही है.
About the Author
With more than 6 years above of experience in Digital Media Journalism. Currently I am working as a Content Editor at News 18 in Rajasthan Team. Here, I am covering lifestyle, health, beauty, fashion, religion…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.