Jockey Madan Singh Bhati Success: जोधपुर के शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाटीपुरा खिरजा आशा गांव निवासी जॉकी मदन सिंह भाटी ने न्यूजीलैंड के मातामाता में आयोजित प्रतिष्ठित वेरेरे फॉल्स क्लासिक रेस जीतकर इतिहास रच दिया. उन्होंने ‘एनरिको’ घोड़े पर सवार होकर $350,000 इनामी राशि वाली इस बड़ी रेस में शानदार प्रदर्शन किया. शुरुआत से ही बढ़त बनाते हुए अंतिम चरण में तेज रफ्तार के साथ जीत दर्ज की. इस जीत से अंतरराष्ट्रीय घुड़दौड़ जगत में उनकी पहचान और मजबूत हुई है. समर्थकों में खुशी की लहर है.
रेस के दौरान मदन सिंह ने शुरुआत से ही बेहतरीन रणनीति अपनाई. उन्हें अनुकूल ड्रॉ (शुरुआती पोजीशन) मिली, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया और पूरे आत्मविश्वास के साथ घोड़े को नियंत्रित करते हुए अंत तक बढ़त बनाए रखी. अंतिम चरण में ‘एनरिको’ ने जबरदस्त रफ्तार दिखाते हुए प्रतिस्पर्धियों को पीछे छोड़ दिया और जीत सुनिश्चित की.
जीत के बाद क्या बोले मदन सिंह
अपनी इस बड़ी जीत के बाद मदन सिंह ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद खास और यादगार पल है. उन्होंने अपने घोड़े ‘एनरिको’ की जमकर प्रशंसा करते हुए उसे शानदार बताया. उन्होंने बताया कि एनरिको हमेशा जीत के करीब रहता था और इस बार उसने उम्मीद के मुताबिक बेहतरीन प्रदर्शन किया. मदन सिंह ने यह भी बताया कि उन्हें अच्छी ड्रॉ मिलने से रेस की शुरुआत मजबूत रही, जिसने जीत की नींव रखी. इस जीत के साथ ही मदन सिंह ने अंतरराष्ट्रीय घुड़दौड़ जगत में अपनी पहचान और मजबूत कर ली है. उनकी इस उपलब्धि से उनके समर्थकों और प्रशंसकों में खुशी की लहर है.
13 वर्षों में 1900 से अधिक रेस में लिया हिस्सा
वर्ष 2013 से 2026 तक मदन सिंह भाटी ने न्यूजीलैंड में रहते हुए 133 रेस में प्रथम स्थान, 152 रेस में द्वितीय स्थान और 425 रेस में तृतीय स्थान प्राप्त किया है. विशेष रूप से वर्ष 2018-19 में वे न्यूजीलैंड के रेसिंग चैंपियन भी रह चुके हैं. शनिवार को आयोजित रेस में जीत के साथ उन्होंने एक और मील का पत्थर स्थापित किया.
विदेश ही नहीं देश में भी मिला सम्मान
विदेश की धरती पर निरंतर सफलता के चलते मदन सिंह भाटी को भारत में भी सम्मानित किया गया है. उपखंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उपखंड अधिकारी द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया था.
About the Author
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.