झारखंड में हर तीन से चार दिन पर सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर अब साफ तौर पर दिखने लगा है। राज्य में इन दिनों दो रंग का मौसम देखने को मिल रहा है। उत्तर-पश्चिम जिलों पलामू, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी तापमान 10 डिग्री से नीचे रहने की संभावना है। रात के समय इतनी ठंड महसूस हो रही है कि बिना मोटी रजाई के काम नहीं चल रहा। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और देर रात लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। खेतों में काम करने वाले किसानों और सुबह टहलने निकलने वालों को भी सर्दी से बचाव की सलाह दी गई है। दक्षिणी जिलों में दोपहर में चढ़ रहा पारा वहीं दूसरी ओर दक्षिणी झारखंड का मौसम बिल्कुल अलग तस्वीर पेश कर रहा है। जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जैसे जिलों में दोपहर के समय अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जो सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक है। दिन में धूप इतनी तेज है कि लोगों को स्वेटर उतारने पड़ रहे हैं। हालांकि रात में न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे हल्की ठंड का अहसास जरूर हो रहा है, लेकिन कड़ाके की सर्दी नहीं है। दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर लोगों को हैरान कर रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से यह उतार-चढ़ाव अभी कुछ दिन और जारी रह सकता है। मध्य झारखंड में ठंड और गर्मी का मिला-जुला असर राज्य के मध्य हिस्से रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग और गुमला में मौसम का मिला-जुला रूप देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 8.2 डिग्री दर्ज किया गया। यहां रात में ठंड अच्छी खासी है, जबकि दोपहर में तेज धूप पसीना छुड़ा रही है। अनुमान है कि आज भी न्यूनतम तापमान 9 डिग्री के आसपास रहेगा और इसमें दो डिग्री तक की गिरावट संभव है। कुल मिलाकर झारखंड में 24 घंटे के भीतर मौसम करवट बदल रहा है। लोगों को एक ही दिन में सर्दी और गर्मी दोनों का सामना करना पड़ रहा है। पांच दिन में 2-3 डिग्री बढ़ेगा पारा अगले पांच दिन राज्य में दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा, जबकि रात में उत्तर-पश्चिम हिस्सों में ठंड का असर बना रहेगा। अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी होगी। देवघर, धनबाद, दुमका और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री से बढ़कर 29-31 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री से बढ़कर 14-15 डिग्री तक जाने का अनुमान है। कोडरमा, चतरा, गढ़वा और पलामू में अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री के बीच रहेगा। पलामू और चतरा में पारा 32 डिग्री तक पहुंच सकता है। रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो और गुमला में अधिकतम तापमान 27-31 डिग्री के बीच रहेगा। रांची और खूंटी में दिन का तापमान 27-28 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि रात में 11-13 डिग्री तक ठंड महसूस होगी। पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में सबसे अधिक गर्मी रहेगी। पश्चिमी सिंहभूम में अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंच सकता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.