झारखंड में नए वर्ष 2026 के स्वागत और बीते वर्ष 2025 की विदाई के जश्न में लोगों ने जमकर शराब का सेवन किया। बीते तीन दिनों में शराब बिक्री ने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। 31 दिसंबर को राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में रात्रि पार्टियों का सीधा असर शराब दुकानों पर देखने को मिला। देर रात तक शराब दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही।
अनुमान के अनुसार, इन तीन दिनों में झारखंड में 65 से 70 करोड़ रुपये से अधिक की शराब की बिक्री हुई। झारखंड शराब व्यापारी संघ के प्रदेश महासचिव सुबोध कुमार जायसवाल ने बताया कि मांग काफी अधिक थी, इसके बावजूद पूरी मांग की पूर्ति नहीं हो सकी।
सबसे अधिक बिक्री 31 दिसंबर को दर्ज की गई, जब राज्यभर में लगभग 30 करोड़ रुपये की शराब बिकी। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में करीब ढाई करोड़ रुपये अधिक है। पिछले साल 31 दिसंबर को लगभग 27.52 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई थी।
पढ़ें: साहिबगंज-पलामू-रांची और गोड्डा में सड़क हादसे, 24 घंटे के भीतर प्रदेश में सात लोगों की मौत
पिछले वर्ष इसी अवसर पर तीन दिनों में करीब 60 करोड़ रुपये की शराब बिकी थी, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा लगभग पांच करोड़ रुपये अधिक रहा। 30 दिसंबर को लगभग 16 करोड़ रुपये की बिक्री हुई, वहीं 1 जनवरी को भी अनुमानित 18 से 19 करोड़ रुपये की शराब बिकी, हालांकि इसका आधिकारिक आंकड़ा अभी जारी नहीं किया गया है।
राजधानी रांची में ही तीन दिनों के भीतर करीब 10 करोड़ रुपये की शराब बिक्री दर्ज की गई। नए साल के मौके पर राज्य में दो दर्जन से अधिक अस्थायी लाइसेंस जारी किए गए थे। इसके अलावा लगभग 30 बार और रेस्टोरेंट को एक्सटेंशन काउंटर की अनुमति दी गई, जिससे तय समय से दो घंटे अधिक शराब बिक्री संभव हो सकी।
इस दौरान उत्पाद विभाग की आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई, जिससे झारखंड सरकार के राजस्व में भी इजाफा दर्ज किया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.