मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड के अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिनों तक सुबह हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। यह स्थिति 2 जनवरी तक बनी रह सकती है।
उत्तरी झारखंड के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वाहन चालकों को सुबह के वक्त विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
उत्तरी और पश्चिमी जिलों में शीतलहर का असर
सोमवार सुबह झारखंड के उत्तरी हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। उत्तर पलामू क्षेत्र में शीतलहर की स्थिति बनी रही, जबकि रांची और आसपास के इलाकों में ठंड का असर लगातार महसूस किया गया। पश्चिमी हवाओं के कारण सुबह और शाम कनकनी बढ़ गई है।
रविवार की तुलना में ठंड में थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन मैक्लुस्कीगंज का न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोभिया स्थित राणा कंट्री कॉटेज के डिजिटल मीटर में भी यही तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं कांके का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
कोहरे का उड़ान पर असर, 4 फ्लाइट रद्द
घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। रांची एयरपोर्ट से चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि आधा दर्जन से अधिक फ्लाइट देरी से पहुंचीं। कोलकाता-रांची और दिल्ली-रांची की कई इंडिगो उड़ानें रद्द रहीं।
कोलकाता से सुबह आने वाली फ्लाइट करीब 1.40 घंटे देरी से पहुंची। शाम की कोलकाता और दिल्ली की फ्लाइट लगभग दो घंटे लेट रहीं, जबकि मुंबई की इंडिगो और दिल्ली की एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट डेढ़-डेढ़ घंटे देरी से रांची पहुंचीं।
आगे राहत, पर फिर लौटेगी ठंड
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है और पारा 10 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। इसके बाद पांच दिनों तक मौसम सामान्य बना रहेगा, जिससे नए साल के जश्न में कुछ राहत मिलेगी।
हालांकि लातेहार, गुमला और लोहरदगा में शीतलहर बनी रह सकती है। जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। हजारीबाग में 1 जनवरी से हल्की राहत के संकेत हैं, लेकिन 4 जनवरी से एक बार फिर ठंड बढ़ने का अनुमान है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.