झारखंड में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ली है। ठंड ने जोरदार वापसी कर ली है। बीते 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह और देर रात कनकनी बढ़ गई। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान गिरकर 6.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि इससे पहले यह 13 डिग्री के आसपास था। राज्य के 13 से अधिक जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। डाल्टनगंज में न्यूनतम तापमान 8.02 डिग्री, खूंटी में 8.6 डिग्री, लातेहार और लोहरदगा में करीब 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह के समय ठंडी हवा और कोहरे के कारण जनजीवन खासा प्रभावित रहा। हिमालयी बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ का असर मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है। रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिकों के मुताबिक, ठंडी हवाओं के कारण अगले एक हफ्ते तक लोगों को राहत मिलने की संभावना नहीं है। राज्य के अधिकांश जिलों में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। दिन के तापमान में बहुत बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी। इससे सुबह और देर रात ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जाएगा। अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बने रहने की संभावना है। गिरिडीह में 9 डिग्री तक गिरेगा पारा उत्तर-पूर्व झारखंड के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। गिरिडीह में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक गिर सकता है। उत्तर-पश्चिम झारखंड के कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में रातें ज्यादा ठंडी रहेंगी, जहां न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री तक जा सकता है। मध्य झारखंड के रांची, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो में मौसम लगभग स्थिर रहेगा। ठंड के साथ-साथ कोहरा भी बढ़ा ठंड के साथ-साथ कोहरे ने भी परेशानी बढ़ा दी है। कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक रह सकती है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। दक्षिण झारखंड के पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा में दिन में हल्की गर्मी रहेगी, जहां अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री तक पहुंच सकता है, लेकिन रात में ठंड बरकरार रहेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.