Zuber gets life imprisonment in Pooja murder case: छह साल पुराने हत्या के मामले में सोमवार को सजा सुनाई गई है. एक तरफा प्यार में युवती की नृशंस हत्या हुई थी. गला काटकर की थी युवती की नृसंश हत्या. हत्या के दोषी जुबेर को सुनाई आजीवन कारावास की सजा. एक लाख रुपये का लगाया अर्थदंड. 8 अक्टूबर 2021 को पिडावा थाना क्षेत्र के अमीरपुरा गांव में हुई थी घटना. कोर्ट में अभियोजन पक्ष ने रखे थे 29 गवाह 59 दस्तावेज. एससी एसटी कोर्ट की विशिष्ट न्यायाधीश ने सुनाई सजा.
2021 में झालावाड़ में हुए पूजा हत्याकांड में फैसला आ गया है.
मामला 8 अक्टूबर 2021 का है, जब पिडावा थाना क्षेत्र के अमीरपुरा गांव में एक युवती की गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने एकतरफा प्रेम के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था.
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत में 29 गवाह और 59 दस्तावेज पेश किए. सभी साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर एससी-एसटी कोर्ट की विशिष्ट न्यायाधीश ने आरोपी जुबेर को हत्या का दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई. फैसले के बाद पीड़ित पक्ष ने न्याय मिलने पर संतोष जताया.
हथियार बरामदगी के बाद आरोपी की हुई थी गिरफ्तारी
झालावाड़ जिले के पिडावा थाना क्षेत्र के बांकीपुरगांव में हुई इस वारदात में पुलिस ने सबसे पहले अपराध में प्रयोग हुए धारदार हथियार की तलाश की थी, जिसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी. कोर्ट ने आरोपी से पूछताछ के लिए दो दिनों की पुलिस रिमांड सौंपी थी.
पूछताछ के आधार पर हुई जांच में पता चला कि 8 अक्टूबर को आरोपी जुबेर खान (21) पड़ोसी युवती पूजा (19) की हत्या के इरादे से ही आया था. वह अपने साथ दो चाकू लेकर आया था. वारदात को अंजाम देने की हड़बड़ी में जुबेर के पास से एक चाकू गिर गया था. इसके बाद उसने पूजा पर दूसरे चाकू से ताबड़तोड़ हमले किए थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की बॉडी पर तीन जगह गहरे घाव मिले थे. जुबेर ने पूजा की दोनों तरफ पसलियों और गर्दन पर वार हमले किए थे. गंभीर रूप से घायल होने के चलते पूजा की जान चली गई थी.
पूजा की मां ने जुबेर के लिए मांगी थी फांसी की सजा
पूजा की मौत के बाद से ही पूरा परिवार परेशान है. मां ने दोषी जुबेर के लिए फांसी की सजा की मांग की थी. उस समय मां ने मीडिया के कैमरे पर कहा था- ‘मैं गरीब हूं. मेरी लड़की मजदूरी करने गई थी. उसने बेरहमी से मेरी बेटी का गला काट दिया. पेट में चाकू से कई बार हमले किए हैं. किसी भी दोषी को फांसी होनी चाहिए. जब तक वह मरेगा नहीं इंसाफ बराबर नहीं होगा. दोषी जिंदा नहीं लौटना चाहिए.’ उन्होंने यह भी बताया था कि पूजा सेकेंड ईयर की स्टूडेंट थी. मजदूरी करके बेटी को पढ़ा रही थी. अब बेटी को कहां से लाऊं.
पूजा की ओर से बातचीत बंद होने पर नाराज था जुबेर
पूजा और जुबेर एक ही गांव में रहते थे. दोनों का घर भी आसपास ही था. परिवार वालों ने बताया था कि कुछ महीने पहले पूजा की शादी तय हो गई थी. दोषी जुबेर की भी सगाई हो चुकी थी. बताया जाता है कि कुछ समय पहले तक पूजा और जुबेर में बातचीत होती थी. शादी तय होने के बाद पूजा ने जुबेर से बातचीत बंद कर दी थी. इस बात को लेकर जुबेर परेशान हो गया था. पूजा ने उसे समझाया कि दोनों की शादी तय हो गई है, इसलिए आगे बातचीत संभव नहीं है. साथ ही पूजा ने यह भी कहा कि वह उसे कभी भी उस नजरिए से नहीं देखती थी, केवल दोस्त की खातिर बातचीत करती थी. पूजा ने जुबेर को साफ शब्दों में बता दिया था कि उसे प्यार को लेकर गलतफहमी हो गई है. इसको लेकर दोनों परिवारों के बीच बात भी हुई थी.
पूजा खेत पर काम करने गई थी. इसी दौरान जुबेर भी वहां पहुंचा. माई खेड़ी रोड पर पूजा पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर दिया. गंभीर हालत में पूजा को अस्पताल लाया गया, जहां उसकी जान चली गई. पूजा की मौत के बाद गांव में तनावपूर्ण हालात बन गए थे, जिसे कंट्रोल करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए थे.
About the Author
अभिषेक कुमार News18 की डिजिटल टीम में बतौर एसोसिएट एडिटर काम कर रहे हैं. वे यहां बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तसीगढ़, उत्तराखंड की राजनीति, क्राइम समेत तमाम समसामयिक मुद्दों पर लिखते …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.