झज्जर जिले में शनिवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे पूरे इलाके में दृश्यता बेहद कम हो गई। कोहरे के साथ-साथ ओस की बूंदें गिरने से ठंड में और इजाफा हो गया है। सर्द मौसम के चलते लोगों को भारी ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। झज्जर जिले में
घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर सड़क यातायात पर देखने को मिला। कई स्थानों पर दृश्यता कुछ ही मीटर तक सिमट गई, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है। हालात ऐसे रहे कि वाहन चालक हेड लाइट और फॉग लाइट जलाकर बेहद धीमी गति से ड्राइविंग करते नजर आए। कोहरे के कारण सुबह के समय, दफ्तर और जरूरी कामों के लिए निकलने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
आमजन और वाहन चालक सबसे ज्यादा प्रभावित
कोहरे और ठंड के चलते आमजन, दिहाड़ी मजदूर, बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। सुबह-सुबह खुले में निकलने वाले लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए। वहीं कई लोगों ने अनावश्यक यात्रा से बचना ही उचित समझा।
कोहरे में लाईट जलाकर बाइक पर जाता युवक।
डीसी और पुलिस कमिश्नर की एडवाइजरी जारी
बढ़ती ठंड और कोहरे को देखते हुए जिला उपायुक्त (DC) स्वप्निल रविंद्र पाटिल की ओर से पहले ही नागरिकों के लिए सावधानी संबंधी एडवाइजरी जारी की जा चुकी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ठंड से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाएं और बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें।
इसके साथ ही पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह की ओर से भी कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की गई है, ताकि सड़क हादसों को रोका जा सके।
कोहरे में वाहन चलाते समय बरतें ये सावधानियां…
वाहन की हेड लाइट और फॉग लाइट जरूर जलाएं।
तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं।
आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
अचानक ब्रेक लगाने से बचें।
ओवरटेक करने से परहेज करें।
कोहरे के समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
अत्यधिक कोहरे में यात्रा को टालना बेहतर।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.