मोहाली। दो अलग-अलग वारदातों में चोरों ने नकदी, मोबाइल फोन और सोने के गहनों पर हाथ साफ किया है। दोनों की मामलों में आरोपियों की पहचान हो गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला मोहाली के फेज-5 का है। चोरों ने एक मेडिकल बूथ को निशाना बनाया।
शिकायतकर्ता सागर सोई निवासी फेज-5 ने बताया कि वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चला गया था। अगली सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा तो शटर के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि दुकान से सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन और गल्ले में रखे करीब 19 हजार रुपये चोरी हो चुके थे। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक हेलमेट पहने सुबह करीब साढ़े तीन बजे शटर तोड़कर दुकान में घुसता दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रवी निवासी राम दरबार चंडीगढ़ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना फेज-1 में मामला दर्ज किया गया है।
दूसरा मामला नया गांव के आदर्श नगर इलाके का है। शिकायतकर्ता गौरव ने बताया कि 17 दिसंबर को वह और उसकी पत्नी घर को ताला लगाकर काम पर गए थे। दोपहर करीब 12 बजे पड़ोसी ने फोन कर घर का दरवाजा खुला होने की सूचना दी। जांच में घर से सोने के गहने और करीब चार हजार रुपये चोरी होने का पता चला। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक चोरी करते दिखाई दिया है। उसकी पहचान सुमित कुमार उर्फ काला कांचा निवासी नवां गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।