राजद के सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह स्थानीय जनता के साथ अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि अभी तक अमर उजाला नहीं करता है।
सूत्रों के अनुसार यह वीडियो 9 जनवरी का बताया जा रहा है, जब सांसद से स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के विकास को लेकर सवाल किए थे। सवाल सुनते ही सांसद कथित तौर पर आपा खो बैठे और तीखी एवं अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने लगे।
वीडियो में सुरेंद्र यादव यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि यहां 15 हजार वोट यादव समाज के लोग उन्हें देने का काम किया। बातचीत के दौरान कुछ लोगों के नाम लेते हुए भी उन्होंने आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। इसके अलावा, सांसद यह भी कहते दिखाई दे रहे हैं कि हर आदमी उन्हें वोट देता है, प्रमुख वोट दे देता है, इस पर हम क्या करेंगे, यहां किसी ने वोट नहीं दिया। बातचीत के अंत में वह कहते हैं कि अब अगली बार देखेंगे, जिस पर पास खड़े लोग ‘ठीक है’ कहते नजर आते हैं।
इस वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है। लोग सांसद के इस व्यवहार की कड़ी आलोचना कर रहे हैं और उनका कहना है कि एक संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि को इस तरह की भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। फिलहाल, इस पूरे मामले पर सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वायरल वीडियो की वास्तविकता और घटना के सही समय व स्थान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह मामला चर्चा और विवाद का विषय बना हुआ है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.