Jamui Train Accident: बिहार के जमुई से बड़ी खबर सामने आई. जहां एक मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि तीन डिब्बे पुल से नीचे जा गिरे. घटना से रेलेवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. रेल यातायात प्रभावित हुआ है.
सिमुलतला से सटे टेलवा हॉल्ट के पास बरुआ नदी पुल पर सीमेंट लदी एक मालगाड़ी अचानक पटरी से उतर गई. इस हादसे में मालगाड़ी के कुल छह डिब्बे बेपटरी हो गए, जिनमें से तीन डिब्बे सीधे पुल से नीचे नदी की ओर गिर गए. हादसा रात करीब साढ़े 11 बजे का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना आसनसोल रेल मंडल के अंतर्गत जसीडीह–झाझा मुख्य रेल मार्ग पर पुल संख्या 676 और पोल संख्या 344/18 के पास हुई. मालगाड़ी जसीडीह से झाझा की ओर जा रही थी, तभी अचानक तेज आवाज के साथ डिब्बे पटरी से उतर गए.
रेल यातायात बाधित
मालगाड़ी में बड़ी मात्रा में सीमेंट लोड था, जो डिब्बों के गिरते ही पुल और उसके आसपास बिखर गया. सीमेंट के बोरे और मलबा चारों ओर फैल जाने से रेल पटरी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. दुर्घटना के कारण अप और डाउन दोनों लाइन पर रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया है. किउल–जसीडीह रेलखंड पर चलने वाली कई यात्री और मालगाड़ियां अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दी गई हैं. हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. रेल पुलिस, आरपीएफ और रेलवे के तकनीकी अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया.
किसी के हताहत होने की खबर नहीं
झाझा और जसीडीह से भी विशेष ट्रेन और भारी मशीनरी मौके पर रवाना की गई है, ताकि बेपटरी डिब्बों को हटाया जा सके और ट्रैक को जल्द बहाल किया जा सके. राहत की बात यह है कि इस भीषण हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि, इस घटना से रेल परिचालन को भारी नुकसान पहुंचा है. फिलहाल, रेलवे अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं. शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या ट्रैक में किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है. रेलवे प्रशासन का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही ट्रेनों का परिचालन बहाल किया जाएगा.
About the Author

माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से स्नातकोत्तर किया. वर्तमान में न्यूज़18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. राजनीति, क्राइम से जुड़ी खबरें लिखने में रूचि.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.