Kheera Farming: जमुई के प्रगतिशील किसानों के अनुसार, फरवरी मध्य में खीरे की अगेती खेती कम लागत में 10 गुना मुनाफा दे सकती है. नर्सरी पद्धति, बलुई दोमट मिट्टी और वैज्ञानिक सिंचाई अपनाकर किसान मात्र 50 दिनों में पैदावार ले सकते हैं. बाजार में समय से पहले पहुंचने वाली यह फसल सामान्य से कहीं ऊंचे दाम दिलाती है.
इस मिट्टी का करें चयन तो बढ़ेगी उपज
शंभू कुमार बताते हैं कि खीरे की खेती के लिए बलुई दोमट मिट्टी सबसे बेहतर मानी जाती है, जिसमें जल निकासी की अच्छी व्यवस्था हो. खेत की 2-3 बार गहरी जुताई कर मिट्टी को भुरभुरी बना लेना चाहिए. इसके बाद प्रति हेक्टेयर 20 से 25 टन सड़ी हुई गोबर की खाद मिट्टी में मिलाने से भूमि की उर्वरता बढ़ती है. अगेती खेती में बीजों को पहले पॉलीथिन ट्रे या छोटे कप में नर्सरी के रूप में तैयार किया जाता है. करीब 15-20 दिन में जब पौधे मजबूत हो जाते हैं, तब उन्हें खेत में रोप दिया जाता है. पौधों के बीच 45 से 60 सेंटीमीटर और कतारों के बीच लगभग 1.5 मीटर की दूरी रखना जरूरी है, ताकि बेलों को फैलने का पर्याप्त स्थान मिल सके. एक हेक्टेयर क्षेत्र में 2 से 2.5 किलोग्राम बीज पर्याप्त होते हैं. वे यह भी सलाह देते हैं कि खेत में उचित आकार की मेढ़ या बेड बनाकर रोपाई करने से सिंचाई और जल निकासी दोनों आसान हो जाती हैं.
सिंचाई के लिए बरतें विशेष सावधानी
शंभू बताते हैं कि पहली सिंचाई बुवाई या रोपाई के तुरंत बाद करनी चाहिए और बाद में मिट्टी की नमी बनाए रखने के लिए नियमित अंतराल पर हल्की सिंचाई करें. अधिक पानी देने से जड़ें सड़ सकती हैं, इसलिए ड्रिप सिंचाई या हल्की नालियों से पानी देना बेहतर रहता है. प्रति एकड़ 40 किलोग्राम नाइट्रोजन, 20 किलोग्राम फास्फोरस और 20 किलोग्राम पोटाश का संतुलित उपयोग करने से फलन अच्छा होता है. रोपाई के लगभग 45-50 दिन बाद फल आना शुरू हो जाता है. वे कहते हैं कि अगेती फसल से न सिर्फ पैदावार बेहतर मिलती है, बल्कि बाजार में ऊंचा भाव भी मिलता है. यदि किसान वैज्ञानिक तरीके से योजना बनाकर खीरे की अगेती खेती करें तो कम लागत में अधिक मुनाफा कमाना पूरी तरह संभव है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.