जमशेदपुरः बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट का पसंदीदा ट्रेस्लेस (Tres Leches) केक आज सिर्फ लंदन या विदेशी बेकरी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब जमशेदपुर में भी उसी विदेशी फ्लेवर के साथ लोगों को मिल रहा है. इस अनोखे स्वाद के पीछे हैं जमशेदपुर की 24 वर्षीय युवा उद्यमी रिशु शर्मा, जिन्होंने कम उम्र में अपने सपनों को पंख देते हुए द केक स्टूडियो नाम से अपनी खुद की बेकरी की शुरुआत की.
यूट्यूब से सीखा, बदल गई जिंदगी
रिशु शर्मा ने किसी महंगे बेकिंग इंस्टीट्यूट से नहीं, बल्कि यूट्यूब से वीडियो देखकर बेकिंग सीखी. मेहनत, प्रयोग और स्वाद की समझ ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया कि आज उनके बनाए केक और डेज़र्ट्स को खाने के बाद लोग कहते हैं जैसे कोई विदेशी बेकरी का स्वाद मिल गया हो.
रिशु बताती हैं कि ट्रेस्लेस केक के अलावा वह कई विदेशी और इंटरनेशनल बेकिंग आइटम तैयार करती हैं. इनमें वनीला कंफेटी केक, बटर केक, रेड वेलवेट, ब्लूबेरी चीज़केक, चॉकलेट गनाश केक, लेमन ड्रिज़ल केक, फेरो रोशर केक, कपकेक्स, ब्राउनी, टीरामिसू और चॉकलेट मूस जैसे आइटम शामिल हैं. खास बात यह है कि ये सभी केक न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होते हैं, बल्कि दिखने में भी इतने फैंसी और एलिगेंट होते हैं कि किसी बड़े ब्रांडेड बेकरी को टक्कर देते हैं.
आत्मविश्वास से भरपूर हैं रिशु
उनकी बेकरी की सबसे बड़ी खासियत है कीमत. जहां बड़े शहरों और नामी बेकरी में ऐसे केक सैकड़ों और हजारों रुपये में मिलते हैं, वहीं रिशु अपने आइटम्स की शुरुआत मात्र ₹50 से करती हैं. यही वजह है कि छात्र, युवा और मध्यम वर्ग के परिवार भी आसानी से विदेशी फ्लेवर का आनंद ले पा रहे हैं. रिशु फिलहाल एमबीए की पढ़ाई कर रही हैं और पढ़ाई के साथ-साथ अपने शौक को पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रही हैं. उन्होंने बताया कि वह प्री-ऑर्डर और होम डिलीवरी की सुविधा भी देती हैं, जिससे शादी, बर्थडे, एंगेजमेंट और खास आयोजनों में उनके केक की मांग लगातार बढ़ रही है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.