Jamshedpur News: जमशेदपुर के मगदम छठ घाट पर एक कुंड है जिसका पानी हमेशा गर्म बना रहता है. यह कुंड आज भी लोगों के लिए रहस्य बना हुआ है, जिसका स्रोत आज तक नहीं मिला. धीरे-धीरे यह धार्मिक स्थान बन रहा है जिसके प्रति लोगों की श्रद्धा और विश्वास बढ़ रहा है.
नहीं सुलझा आज तक यह रहस्य
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस कुंड का इतिहास काफी पुराना है. बुजुर्ग बताते हैं कि वर्षों पहले यहां किसी तरह का प्राकृतिक जलस्रोत था. कोई इसे पुराने झरने का अवशेष मानता है, तो कोई कहता है कि यहां कभी तालाब हुआ करता था. हालांकि, वर्तमान समय में आसपास कहीं भी पानी का कोई साफ स्रोत दिखाई नहीं देता, फिर भी इस कुंड में लगातार गर्म पानी बना रहना एक रहस्य ही बना हुआ है.
नहीं मिला असली स्त्रोत
इस अनोखी घटना को समझने के लिए समय-समय पर कई जिज्ञासु लोग और शोध में रुचि रखने वाले लोग यहां पहुंचे, लेकिन अब तक इस गर्म पानी के असली स्रोत का साफ जवाब सामने नहीं आ पाया है. कुछ लोग इसे प्राकृतिक भूगर्भीय गतिविधि से जोड़ते हैं, तो कुछ इसे दैवीय चमत्कार मानते हैं. यही रहस्य इस स्थान की पवित्रता और महत्व को और अधिक बढ़ा देता है.
बढ़ गई है पहले से अधिक भीड़
मगदम छठ घाट को हाल के वर्षों में सुंदर रूप दिया गया है. पूरे क्षेत्र को चारों ओर से बाउंड्री कर सुरक्षित बनाया गया है. ईंटों से मजबूत घेराबंदी, बैठने के लिए बेंच और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा देती है. घाट के सौंदर्यीकरण के बाद यहां छठ पूजा, धार्मिक अनुष्ठान और अन्य शुभ अवसरों पर लोगों की भीड़ पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है.
खास धार्मिक स्थल
स्थानीय श्रद्धालु मानते हैं कि इस गर्म कुंड का पानी पवित्र है और यहां पूजा करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं. कई परिवार शादी, मुंडन, नामकरण और अन्य मांगलिक कार्यों से पहले यहां आकर पूजा-अर्चना करते हैं. धीरे-धीरे यह स्थान केवल एक घाट नहीं, बल्कि आस्था और रहस्य से जुड़ा एक खास धार्मिक स्थल बनता जा रहा है. मगदम छठ घाट का यह गर्म कुंड आज भी एक अनसुलझी पहेली बना हुआ है, लेकिन लोगों की श्रद्धा के आगे यह रहस्य और भी पवित्र रूप ले चुका है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.