जमशेदपुर के बहरागोड़ा में महिलाएं बटन जंबो मशरूम की खेती से आत्मनिर्भर बन रही हैं. मात्र ₹165 की लागत वाले बैग से 20 दिनों में ₹750 तक की उपज मिल रही है. बिना खेत और कम मेहनत वाली इस तकनीक ने 20 से अधिक महिलाओं की किस्मत बदल दी है. जिससे उन्हें घर बैठे मोटा मुनाफा मिल रहा है.
चाय-नाश्ते की दुकानों से लेकर शादी-पार्टी, होटल और रेस्टोरेंट तक आजकल मशरूम की डिमांड तेजी से बढ़ रही है. इसी बढ़ती मांग को देखते हुए गांव की महिलाओं ने मशरूम उत्पादन का काम शुरू किया. खास बात यह है कि उन्हें खेती के लिए खेत या बड़ी जमीन की जरूरत नहीं पड़ती. घर के खाली कमरे, बरामदे या शेड में ही यह उत्पादन आसानी से हो जाता है.
20 दिनों में मशरूम तैयार
लक्ष्मी बताती हैं कि उन्हें तैयार बैग मात्र 165 रुपये में मिल जाता है. इस बैग में कोकोपीट, भूसा/धानऔर मशरूम का बीज (स्पॉन) पहले से मिला रहता है. बस बैग को ठंडी और साफ जगह पर टांग देना होता है और रोजाना केवल हल्का पानी का छिड़काव करना पड़ता है. लगभग 20 दिनों के अंदर मशरूम तैयार हो जाता है.
एक बैग से करीब 3 किलो या उससे अधिक मशरूम निकलता है. बाजार में इनका दाम करीब ₹250 प्रति किलो तक मिल जाता है. इस तरह लागत कम और उत्पादन ज्यादा होने से महिलाओं को छह गुना तक मुनाफा मिल रहा है. गांव के आस-पास के बाजार, सब्जी मंडी और स्थानीय होटल-रेस्टोरेंट सीधे उनसे मशरूम खरीदने आते हैं, जिससे उन्हें बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता.
कम मेहनत में ज्यादा मुनाफा
महिलाएं बताती हैं कि इस काम में ज्यादा मेहनत नहीं लगती. रोजाना केवल आधा घंटा देखभाल और पानी देना पड़ता है. बाकी समय वे घर के काम, बच्चों की पढ़ाई और परिवार की जिम्मेदारियां भी आराम से निभा लेती हैं. यही कारण है कि गांव की कई अन्य महिलाएं भी अब इस काम से जुड़ने के लिए आगे आ रही हैं.
पोषण के लिहाज से भी मशरूम को ‘शाकाहारी मीट’ कहा जाता है, क्योंकि इसमें प्रोटीन, विटामिन-बी और मिनरल्स भरपूर होते हैं. यही वजह है कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग भी इसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं.
आज बहरागोड़ा की ये महिलाएं सिर्फ अपनी आय ही नहीं बढ़ा रहीं, बल्कि पूरे इलाके की अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दे रही हैं. छोटी-सी पहल ने साबित कर दिया है कि अगर सही जानकारी और थोड़ी मेहनत हो, तो गांव में रहकर भी रोजगार के बड़े अवसर तैयार किए जा सकते हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.