Jamshedpur Entry Class Admission 2026: जमशेदपुर के स्कूलों में एंट्री क्लास एडमिशन के लिए आज लॉटरी खुलेंगी. दिन के अलग-अलग समय, अलग-अलग स्कूल चयनित स्टूडेंट्स की लिस्ट जारी करेंगे. सीटें कम हैं, और आवेदन ज्यादा तो कांपटीशन तगड़ा है. कुछ समय में नतीजे सामने आ जाएंगे.
जमशेदपुर के शिक्षा जगत में आज का दिन किसी परीक्षा परिणाम से कम नहीं है. शहर के 65 प्रतिष्ठित निजी स्कूलों में एंट्री क्लास (नर्सरी/एलकेजी) में दाखिले के लिए हुई लॉटरी प्रक्रिया का इंतजार अब खत्म होने वाला है. आज यानी 17 जनवरी 2026 को इन स्कूलों द्वारा चयनित बच्चों की सूची आधिकारिक तौर पर जारी की जा रही है. बीते चार महीनों से फॉर्म, दस्तावेज और उम्मीदों के सहारे बैठे अभिभावकों के लिए आज का दिन राहत और रोमांच दोनों लेकर आया है.

इस साल दाखिले की दौड़ बेहद कड़ी रही. आंकड़े खुद इसकी कहानी बयां कर रहे हैं. शहर के निजी स्कूलों में सामान्य श्रेणी की करीब 7000 सीटें हैं, जबकि आवेदन 70 हजार से भी ज्यादा पहुंचे. यानी एक-एक सीट के लिए दस-दस दावेदार मैदान में हैं. यही वजह है कि लॉटरी सिस्टम को लेकर अभिभावकों की नजरें स्क्रीन और नोटिस बोर्ड पर टिकी हुई हैं. स्कूल प्रबंधन ने साफ कहा है कि अफवाहों से दूर रहें और सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट या स्कूल के सूचना पटल पर जारी सूची को ही अंतिम मानें.

परिणाम जारी करने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो जाएगा. सबसे पहले विद्या भारती चिन्मया विद्यालय, टेल्को ने सुबह 6 बजे चयन सूची जारी कर दी है. इसके बाद लोयोला स्कूल टेल्को सुबह 8:30 बजे और लोयोला स्कूल बिष्टुपुर सुबह 9 बजे के बाद अपने नतीजे घोषित करेंगे. सुबह 10 बजे के आसपास जमशेदपुर पब्लिक स्कूल, तारापोर स्कूल एग्रिको, केरला पब्लिक स्कूल कदमा व मानगो और अन्य स्कूलों की सूची सामने आएगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

देर सुबह यानी 11 बजे के बाद जुस्को स्कूल कदमा, सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट, कार्मेल जूनियर कॉलेज, वैली व्यू स्कूल, जेएच तारापोर धातकीडीह और चिन्मया साउथ पार्क जैसे नामी स्कूलों के परिणाम घोषित होंगे. इसी समय दयानंद पब्लिक स्कूल और मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल भी चयन सूची साझा करेंगे.

दोपहर के सत्र में भी अभिभावकों की धड़कनें बनी रहेंगी. लिटिल फ्लावर स्कूल की सूची दोपहर 1 बजे आएगी, जबकि 2 बजे राजेंद्र विद्यालय, गुलमोहर हाईस्कूल और एसडीएसएम अपने नतीजे जारी करेंगे. दिन के अंतिम चरण में, दोपहर 3 बजे के बाद हिलटॉप स्कूल, डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल कदमा और जुस्को स्कूल साउथ पार्क अपनी अंतिम चयन सूची सार्वजनिक करेंगे.

चयनित बच्चों का नामांकन 31 जनवरी तक पूरा किया जाएगा. स्कूलों ने अभिभावकों से अपील की है कि भीड़ से बचें, धैर्य रखें और ऑनलाइन माध्यम को प्राथमिकता दें. आज का दिन कई घरों में खुशी की दस्तक देगा, तो कई को अगली उम्मीद तक इंतजार करना पड़ेगा. यही है लॉटरी सिस्टम की हकीकत.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.