President Droupadi Murmu Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने NIT जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह के बाद काफिला रोक आम लोगों से मुलाकात की. इसके बाद बच्चों को टॉफी दी और लोकतंत्र की भावना को मजबूत किया.
दरअसल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जमशेदपुर के आदित्यपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने आई थीं. कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जब वे अपने काफिले के साथ लौट रही थीं, तभी सरायकेला-खरसावां जिले के आकाशवाणी चौक के समीप अचानक उनका काफिला रुका. इसी दौरान राष्ट्रपति ने कार से उतरकर सड़क किनारे खड़े आम नागरिकों से मिलने का निर्णय लिया.
लोगों को नहीं हुआ विश्वास
यह दृश्य अप्रत्याशित था, लेकिन बेहद भावुक भी. सड़क के दोनों ओर खड़े लोग जैसे विश्वास ही नहीं कर पा रहे थे कि देश की प्रथम नागरिक उनके इतने करीब खड़ी हैं. “भारत माता की जय” और “जय झारखंड” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा. राष्ट्रपति ने मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया, बच्चों से बात की और उन्हें स्नेहपूर्वक टॉफी भी दी. कुछ दूरी तक वे पैदल चलीं और आम जनता से सीधे संवाद किया.
हालांकि यह क्षण जनसंवाद के निर्धारित प्रोटोकॉल से अलग था, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए पूरे हालात को पूरी तरह सुरक्षित बनाए रखा. राष्ट्रपति के इस कदम से न केवल सुरक्षा व्यवस्था की सतर्कता दिखी, बल्कि लोकतंत्र की जड़ें भी और मजबूत होती नजर आईं.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह व्यवहार उनके सहज, सरल और संवेदनशील व्यक्तित्व को दर्शाता है. उन्होंने यह साबित कर दिया कि सर्वोच्च पद पर बैठा व्यक्ति भी आम नागरिकों के दुख-सुख, भावनाओं और उत्साह से सीधे जुड़ सकता है. यह पल सिर्फ एक मुलाकात नहीं था, बल्कि सत्ता और जनता के बीच की दूरी को मिटाने वाला ऐतिहासिक क्षण बन गया. जमशेदपुर की धरती पर घटित यह घटना लोकतंत्र में विश्वास को और गहरा करती है और लोगों के दिलों में राष्ट्रपति के प्रति सम्मान को कई गुना बढ़ा देती है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.