Jamshedpur News: जमशेदपुर की पूनम गोराई ने घर से बेकरी शुरू कर एम्यूजमेंट पार्क के पास स्टॉल लगाया. कम कीमत और बेहतरीन स्वाद से उन्होंने शहर में पहचान बनाई और कई लोगों के लिए प्रेरणा बनी. उनके स्टॉल का सामान लगने के दो घंटे के अंदर बिक जाता है.
ऐसे बनायी पूनम ने पहचान
पूनम की शुरुआत बिल्कुल साधारण रही. घर के किचन में केक और कप केक बनाकर उन्होंने अपने सफर की नींव रखी. धीरे-धीरे उनके बनाए बेकरी प्रोडक्ट्स का स्वाद लोगों की जुबान पर चढ़ने लगा. चॉकलेट ट्रफल कपकेक, वनीला स्पंज, रेड वेलवेट केक और बटरस्कॉच पेस्ट्री जैसे फ्लेवर लोगों को खासा पसंद आने लगे. घर-घर से ऑर्डर आने लगे और उनका नाम पहचान बनने लगा.
सादगी को बनाया हथियार
इसी दौरान पूनम के मन में एक विचार आया कि क्यों न अपने स्वाद को घर की चारदीवारी से बाहर निकालकर सीधे लोगों तक पहुंचाया जाए. बिना किसी बड़ी दुकान, बिना किसी ताम-झाम के उन्होंने सादगी को अपना हथियार बनाया. आज वह जमशेदपुर के एम्यूजमेंट पार्क के समीप एक टेबल और एक छाता लगाकर अपना छोटा सा स्टॉल लगाती हैं. उनका यह स्टॉल हर शनिवार और रविवार सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक खुला रहता है.
कीमत कम, बेहतरीन स्वाद
पूनम के स्टॉल की सबसे बड़ी खासियत है उसकी कम कीमत और बेहतरीन स्वाद. यहां कपकेक मात्र ₹20 से शुरू होते हैं. ब्राउनी और अन्य बेकरी आइटम ₹30 से उपलब्ध हैं, वहीं अलग-अलग फ्लेवर के चीज केक सिर्फ ₹100 में मिल जाते हैं. चॉकलेट फज ब्राउनी, ओरिओ चीज केक, ब्लूबेरी चीज केक और लेमन केक जैसे विकल्प लोगों को बार-बार यहां खींचकर लाते हैं.
पूनम बताती हैं कि उनका मकसद ज्यादा मुनाफा कमाना नहीं है. वह कम मुनाफे पर भी लोगों को अच्छा और गुणवत्तापूर्ण खाने का स्वाद देना चाहती हैं. उनका मानना है कि बड़े होटल और कैफे भले ही ज्यादा कीमत वसूलते हों, लेकिन उनके हाथों का स्वाद किसी से कम नहीं, बल्कि कई बार उससे बेहतर होता है.
दो घंटे में हो जाती है पूरी बिक्री
यही वजह है कि महज दो घंटे के भीतर उनका पूरा सामान बिक जाता है. ग्राहकों की लंबी कतार और चेहरे पर संतोष की मुस्कान उनकी मेहनत की सबसे बड़ी पहचान है. पूनम आज उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं, जो हुनर तो रखते हैं लेकिन शुरुआत करने से डरते हैं. उनका सफर यह साबित करता है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो एक छोटा सा स्टॉल भी बड़ी पहचान दिला सकता है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.