नागरिक सचिवालय जम्मू में सोमवार को उपराज्यपाल के अभिभाषण के साथ विधानसभा का बजट सत्र सुबह 10 बजे से शुरू होगा। मार्च तक चलने वाले इस सत्र में पहले दिन उपराज्यपाल जम्मू-कश्मीर सरकार की उपलब्धियों और प्राथमिकताओं के बारे में बताएंगे।
सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। सदन में सत्तापक्ष और विपक्ष मुद्दों पर एक-दूसरे को घेरने की रणनीति बना रहे हैं। इस क्रम में भाजपा और कांग्रेस ने रविवार को विधायक दल की बैठक की है जबकि नेशनल कॉन्फ्रेंस और सहयोगी दलों के विधायकों की बैठक सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में होगी।
विधानसभा का बजट सत्र 27 दिन का होगा। सत्र के मध्य में रमजान की ब्रेक रहेगी। 20 फरवरी से पवित्र महीना रमजान शुरू हो रहा है। बजट सत्र का समापन चार अप्रैल को होगा। इसे तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा।
इसमें फरवरी में सबसे अधिक 18 दिन सदन की कार्यवाही चलेगी। मार्च में पांच दिन और अप्रैल में चार दिन चलेगा। छह फरवरी को सीएम उमर अब्दुल्ला बजट पेश करेंगे। प्रदेश में सरकार बनने के बाद सीएम उमर का यह दूसरा बजट होगा। पिछले साल मार्च में पहला बजट पेश किया गया था।
सदन में उठेंगे सवाल, पक्ष-विपक्ष में होगी तकरार
सदन में आरक्षण, श्रीमाता वैष्णो देवी मेडिकल कॉलेज की मान्यता, दिहाड़ी मजदूरों को पक्का करने व पूर्ण राज्य के दर्जे पर सरकार की स्थिति समेत अन्य मामलों पर बहस होगी। विपक्षी दल भाजपा को रोकने के लिए नेकां इस मुद्दे को सबसे बड़े हथियार के तौर पर तैयार कर रहा है। इसके लिए नेकां ने मेडिकल कॉलेज की मान्यता पर चर्चा मांगी है। इससे एनसी व भाजपा विधायकों के बीच तीखी नोंक-झोंक हो सकती है। पीडीपी विधायक दिहाड़ी मजदूरों को पक्का करने समेत दूसरे मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे।
सीएम आवास में चार बजे से शुरू होगी बैठक
नेकां की सीएम आवास में सोमवार को शाम चार बजे बैठक होगी। इसमें विपक्ष के हमलों का जवाब देने और सत्ता पक्ष के पूरे किए वादों को सामने रखने की रणनीति तैयार होगी। नेकां चीफ व्हिप मुबारक गुल ने रविवार को कहा, मीटिंग वजारत रोड पर सीएम के आधिकारिक आवास के बैंक्वेट हॉल में होगी। इसकी अध्यक्षता सीएम करेंगे। बैठक में गठबंधन के सहयोगी कांग्रेस और सीपीआईएम के सदस्य भी शामिल होंगे।
विधायक कार्यशाल में मिले टिप्स को दोहराया, संगठित तरीके से सरकार को घेरेगी भाजपा
सत्र की शुरुआत से पहले भाजपा विधायकों ने सदन में सरकार को घेरने और जनहित के मुद्दों को उठाने की रणनीति पर रविवार को मंथन किया। नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने बीते दिनों आयोजित विधायक कार्यशाला में दिए गए टिप्स दोहराए। सभी विधायकों से कहा गया कि पार्टी और संगठन की तय लाइन के अनुसार, सदन में मुद्दों को उठाएंगे। ब्यूरो
कांग्रेस ने भी सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों पर की चर्चा
कांग्रेस विधायक दल की बैठक रविवार को प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा की अध्यक्षता में हुई। इसमें विधायक दल के नेता जीए मीर, निजामुद्दीन भट्ट, इरफान हाफिज लोन और इफ्तिखार अहमद शामिल हुए। पीरजादा मोहम्मद सईद खराब स्वास्थ्य के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके। बैठक में मौजूदा स्थिति और बजट सत्र के दौरान उठाए जाने वाले आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।0000
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.