मुंगेर जिले में पैक्स चुनाव के दौरान एक असामान्य दृश्य देखने को मिला, जब जमीनी विवाद में हुई गोलीबारी के मामले में जेल में बंद आरोपी ने हथकड़ी में नामांकन दाखिल किया। यह मामला जमालपुर प्रखंड कार्यालय का है, जहां सफियासराय थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर सिंघिया निवासी जमाल मल्लिक उर्फ बबलू मल्लिक को कड़ी सुरक्षा के बीच लाया गया।
गोलीबारी मामले में चार माह से जेल में बंद आरोपी
जानकारी के अनुसार, जमाल मल्लिक करीब चार महीने से जमीनी विवाद से जुड़े गोलीबारी मामले में जेल में बंद हैं। बावजूद इसके, उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत सिंघिया पंचायत से पैक्स अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अनुमति मिली। पुलिस सुरक्षा में हथकड़ी लगाए उन्हें प्रखंड कार्यालय लाया गया, जहां उन्होंने अपना नामांकन पर्चा भरा।
समर्थकों में दिखा उत्साह, परिसर में जुटी भीड़
नामांकन के दौरान जमाल मल्लिक के समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। समर्थक उनके पक्ष में नारे लगाते नजर आए। हथकड़ी में नामांकन कराने की सूचना फैलते ही प्रखंड कार्यालय परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान कई लोग अपराध और राजनीति के आपसी संबंधों को लेकर चर्चा करते भी दिखाई दिए।

आरोपी ने जनता के समर्थन की बात कही
नामांकन के बाद जमाल मल्लिक उर्फ बबलू मल्लिक ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि न्यायिक प्रक्रिया के तहत उन्हें सिंघिया पंचायत से पैक्स अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करने का अवसर मिला। उन्होंने दावा किया कि पूरे पंचायत क्षेत्र की जनता का उन्हें सहयोग और प्रेम मिल रहा है।
चुनाव जीतने पर ईमानदारी से काम करने का दावा
जमाल मल्लिक ने कहा कि यदि वे चुनाव जीतते हैं तो पूरी ईमानदारी के साथ पंचायत की जनता के साथ रहकर काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे पहले से ही पंचायत के विकास के लिए कार्य करते रहे हैं और अवसर मिलने पर और बेहतर ढंग से जनता के हित में विकास कार्य करेंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.