जालंधर के सूच्ची पिंड इलाके में डीजल चोरी कर सस्ते दामों पर बेचने का मामला सामने आया है। इस कथित अवैध गतिविधि का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें देर रात डीजल की खरीद-फरोख्त होते दिखाई दे रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग कैन लेकर आते हैं और उनमें डीजल भरवाकर ले जाते हैं। दावा किया जा रहा है कि यह डीजल टैंकर से चोरी किया गया है और बाजार भाव से कम कीमत पर बेचा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, यह घटनाक्रम इंडियन ऑयल के टैंकर से जुड़ा बताया जा रहा है। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने मौके पर मौजूद टैंकर को दिखाते हुए आरोप लगाया कि टैंकर से डीजल निकालकर पास की दुकान के माध्यम से बेचा जा रहा है। 70 रुपए लीटर मिल रहा है डीजल उसने कुछ लोगों को रोककर पूछताछ भी की। पूछने पर कथित खरीदारों ने बताया कि वे 70 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से डीजल खरीद रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग खुद को ड्राइवर बता रहे हैं। वहीं, यह भी आरोप लगाया गया कि लंबा पिंड निवासी सौरव नामक व्यक्ति इस पूरे काम में शामिल है। अन्य दो लोगों, रिक्की और रोबिन, के भी सस्ते डीजल की खरीद के लिए मौके पर पहुंचने की बात कही गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह खुलेआम डीजल की बिक्री से बड़े हादसे का खतरा बना रहता है, क्योंकि टैंकर के पास ज्वलनशील पदार्थ के साथ लापरवाही गंभीर परिणाम दे सकती है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल संबंधित विभाग से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.