जैसलमेर में होली का पर्व हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर के चप्पे-चप्पे पर फाग के गीत और गुलाल की सुर्खियां छाई रहीं। इस बार भी होली के जश्न में देशी-विदेशी सैलानियों का उत्साह चरम पर रहा, जिन्होंने स्थानीय संस्कृति में रच-बसकर ‘हैप्पी होली’ के नारों के साथ इस त्योहार का आनंद लिया। विश्व प्रसिद्ध सोनार फोर्ट और गोपा चौक में सुबह से ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों का जमघट लगना शुरू हो गया था। विदेशी सैलानियों ने राजस्थानी परंपरा के अनुसार एक-दूसरे को गुलाल लगाया और ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया। ऐतिहासिक दुर्ग की गलियां रंगों से सराबोर नजर आईं। गिरिराज व्यास बने एक दिन के बादशाह जैसलमेर की होली की सबसे खास पहचान उसकी ऐतिहासिक परंपराएं हैं। इस वर्ष भी सोनार फोर्ट में सदियों पुरानी परंपरा का निर्वाह करते हुए ‘एक दिन का बादशाह’ और ‘शहजादा’ चुना गया। इस बार गिरिराज व्यास को बादशाह और तेजस व्यास को शहजादा बनाया गया। शाही लिबास और पारंपरिक अंदाज में जब बादशाह और शहजादा निकले, तो लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। यह परंपरा जैसलमेर की रियासतकालीन संस्कृति की जीवंत झांकी पेश करती है। लोक गीतों और DJ की धुन पर झूमे लोग शहर की चंद्रवीर सिंह कॉलोनी स्थित पार्क में होली महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यहाँ उत्सव का रंग और भी गाढ़ा तब हो गया जब लोक कलाकारों और कालबेलिया डांसर्स ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कालबेलिया नर्तकियों के हैरतअंगेज डांस स्टेप्स देख पर्यटक मंत्रमुग्ध हो गए। जहाँ एक ओर पारंपरिक लोक गीत गूंज रहे थे, वहीं दूसरी ओर DJ पर बज रहे हरियाणवी गीतों ने युवाओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। भाईचारे और सौहार्द का संदेश इस अवसर पर स्थानीय निवासी मयंक भाटिया ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “हम हर साल की तरह इस बार भी आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के वातावरण में होली मना रहे हैं। जैसलमेर की यह विशेषता है कि यहाँ हर त्योहार मिल-जुलकर मनाया जाता है। हम ईश्वर से यही प्रार्थना करते हैं कि सभी देशवासी इसी तरह हंसी-खुशी और आपसी प्रेम के साथ रहें।” शाम होते-होते पूरा शहर सतरंगी रंगों में नहा गया। पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे, जिससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों ने बिना किसी बाधा के सुरक्षित माहौल में त्योहार का लुत्फ उठाया। जैसलमेर की यह होली एक बार फिर अपनी मेहमाननवाजी और सांस्कृतिक विरासत की छाप छोड़ गई। ये खबर भी पढ़ें……
होलिका दहन की रात घर लौट रहे युवक की मौत:साथी गंभीर घायल, बोलेरो कैंपर की टक्कर बाइक के उड़े परखच्चे जैसलमेर में होलिका दहन की रात 11 बजे घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। लक्ष्मीचंद सांवल कॉलोनी स्थित बाईपास पुलिया पर रॉन्ग साइड से आ रही बाइक की बोलेरो कैंपर से सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में काहला निवासी मोहन नाथ की इलाज के लिए ले जाते समय देचू के पास मौत हो गई, जबकि उसका साथी दलपत नाथ गंभीर रूप से घायल है और जोधपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।(खबर पढ़ें) जैसलमेर में UIT की जमीन पर होली जलाने पर हंगामा:कब्जे के आरोप पर विरोध, शांति भंग में 2 गिरफ्तार जैसलमेर के निकट अमर सागर गांव में सोमवार शाम UIT की खाली जमीन पर होलिका दहन की तैयारी के दौरान विवाद हो गया। एक परिवार ने जमीन पर कब्जे की आशंका जताते हुए विरोध किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने समझाइश की। नहीं मानने पर हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को हटाया गया और पुलिस की मौजूदगी में विधि विधान से होलिका दहन कराया गया। मामले में दो लोगों को शांति भंग के आरोप में हिरासत में लिया गया है।(खबर पढ़ें)
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.