गैस महंगाई पर कांग्रेस का हनुमानगढ़ में प्रदर्शन
हनुमानगढ़ में गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई का विरोध जताया. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर लकड़ी का चूल्हा जलाकर रोटी बनाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया. इसके साथ ही अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर भी नाराजगी जताई गई. प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला फूंककर अपना गुस्सा जाहिर किया. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महंगाई से आम जनता परेशान है और सरकार को जल्द राहत के कदम उठाने चाहिए.
बाड़मेर में वाहन फिटनेस सेंटर की मांग पर प्रदर्शन
बाड़मेर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के कार्यकर्ताओं ने वाहन फिटनेस सेंटर की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिले में वाहनों की फिटनेस जांच की उचित व्यवस्था नहीं होने से वाहन मालिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रदर्शन के बाद RLP नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द फिटनेस सेंटर या मैनुअल फिटनेस व्यवस्था शुरू करने की मांग की. पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि आमजन को जल्द राहत नहीं मिली तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और वाहन मालिक मौजूद रहे.
5 साल की बच्ची के अपहरण की कोशिश, ग्रामीणों ने रोका
अलवर जिले के बीगोता गांव से 5 वर्षीय बच्ची के अपहरण की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि अपहरण के बाद बदमाश दौसा की तरफ भाग निकले. अलवर-दौसा सीमा पर स्थित मुही गांव के ग्रामीणों ने संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश की. ग्रामीणों को देखकर बदमाश पहाड़ियों की ओर भाग गए. गुस्साए ग्रामीणों ने बदमाशों की कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी, जिसमें कई नंबर प्लेट भी मिलीं. घटना की सूचना मिलते ही अलवर की टहला और दौसा की बसवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है.
बीकानेर में युवक का आत्मदाह प्रयास, 80% झुलसा
बीकानेर में एसपी ऑफिस के सामने एक व्यक्ति ने आत्मदाह करने का प्रयास किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग बुझाई और घायल व्यक्ति को ट्रॉमा सेंटर भेजा. घायल की पहचान 4 BGM भागु गांव निवासी रामलाल मेघवाल के रूप में हुई है, जो करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया है. फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है.
बाड़मेर में क्रिकेट सट्टे पर छापा, 17.5 लाख जब्त
बाड़मेर कोतवाली थाना पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार के कब्जे से 17.50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. यह कार्रवाई कोतवाल मनोज कुमार के नेतृत्व में महावीर नगर चौकी प्रभारी गोविंद राम और उनकी टीम ने की. पूछताछ में सट्टा कारोबार के तार मुंबई और अहमदाबाद तक जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है. मामले में मुख्य बुकी के रूप में बालोतरा निवासी एक व्यक्ति का नाम भी सामने आया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है.
पीएम किसान की 22वीं किस्त आज, करोड़ों किसानों को राहत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे. इस किस्त के तहत देश के 9.32 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,640 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे. प्रत्येक किसान को 2 हजार रुपये की राशि सीधे बैंक खाते में मिलेगी. राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम असम के गुवाहाटी से आयोजित किया जाएगा. वहीं राजस्थान में जयपुर के दुर्गापुरा स्थित राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा. इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक भी मौजूद रहेंगे. इस योजना से लाखों किसानों को आर्थिक सहायता मिलेगी.
झालावाड़ जिले में अवैध अस्पताल पर बड़ी कार्रवाई, अस्पताल सील
झालावाड़ जिले के चोमहला कस्बे में अवैध रूप से संचालित एक निजी अस्पताल पर चिकित्सा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. पीतांबरा मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल फर्जी दस्तावेजों के आधार पर चलाया जा रहा था और बताया गया कि इसे मध्यप्रदेश के एक डॉक्टर के नाम पर संचालित किया जा रहा था. निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले. कार्रवाई के दौरान अस्पताल संचालक और नर्सिंग स्टाफ मौके से फरार हो गए. सीएमएचओ डॉ. साजिद खान के निर्देश पर पहुंची चिकित्सा विभाग की टीम ने जांच के बाद अस्पताल को सील कर दिया. विभाग ने अवैध अस्पतालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.
सवाई माधोपुर में गैस किल्लत पर कांग्रेस का प्रदर्शन, चूल्हे पर चाय
सवाई माधोपुर में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर कांग्रेस ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया. कलेक्ट्रेट के सामने बामनवास विधायक इन्द्रा मीणा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने धरना दिया. विरोध जताने के लिए विधायक इन्द्रा मीणा ने धरना स्थल पर चूल्हे पर चाय बनाकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और आम जनता गैस जैसी बुनियादी सुविधा के लिए परेशान है. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गैस की किल्लत से आम लोगों के साथ होटल और छोटे कारोबार भी प्रभावित हो रहे हैं. प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई.
अलवर जिले में प्राचार्य के खिलाफ ABVP का ताला-बंदी प्रदर्शन
अलवर जिले के गोविंदगढ़ स्थित राजकीय महाविद्यालय में कार्यवाहक प्राचार्य के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. परिषद कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला लगाकर प्राचार्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके निलंबन की मांग की. प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार बसंत कुमार परसोया को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा. आरोप लगाया गया कि जांच कमेटी की रिपोर्ट में प्राचार्य का छात्रों के प्रति व्यवहार अनुचित पाया गया है और वे छात्राओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं. इस कारण कॉलेज में छात्राओं के बीच डर का माहौल बना हुआ है.
जयपुर में अलविदा जुमा की नमाज़, कड़ी सुरक्षा
जयपुर में रमजान माह के अंतिम शुक्रवार यानी अलविदा जुमा पर बड़ी संख्या में नमाजियों ने नमाज अदा की. जौहरी बाजार स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद में करीब 150 साल पुरानी परंपरा के अनुसार मुख्य नमाज का आयोजन किया गया. इमाम मुफ्ती सैयद अमजद अली ने नमाज की इमामत की, जबकि शहर के मुफ्ती मोहम्मद जाकिर नोमानी ने रमजान की फजीलत पर खिताब किया. नमाज के दौरान जौहरी बाजार और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक डायवर्ट किया गया. सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 500 से अधिक पुलिस जवान तैनात किए गए थे. कार्यक्रम के दौरान जामा मस्जिद कमेटी की ओर से सालाना हिसाब भी पेश किया गया.
LPG संकट में गैस रिफिलिंग का खेल पकड़ा
जयपुर में एलपीजी गैस की किल्लत के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गैस रिफिलिंग का मामला पकड़ा है. डीएसओ प्रियव्रत सिंह चारण की टीम ने चीलगाड़ी रेस्टोरेंट के पास छापा मारकर 80 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए. जांच में सामने आया कि घरेलू सिलेंडरों की कैप हटाकर उनमें से गैस निकालकर कमर्शियल सिलेंडरों में भरी जा रही थी. मौके पर उर्मिल गैस एजेंसी की गाड़ी में भी सिलेंडर मिले. अधिकारियों ने बताया कि गैस की किल्लत के बीच कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर सख्त कार्रवाई की जा रही है. मामले में गैस एजेंसी के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है.
महावीर नगर (पाली): पूजन के दौरान मधुमक्खियों का हमला, एक महिला अस्पताल में भर्ती
पाली शहर के महावीर नगर इलाके में दशामाता पूजन के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मधुमक्खियों के झुंड ने महिलाओं पर हमला कर दिया. इस हमले में एक दर्जन से अधिक महिलाएं घायल हो गई हैं. बताया जा रहा है कि पूजा के दौरान किए गए धुएं की वजह से पास ही लगा मधुमक्खियों का छत्ता भड़क गया और उन्होंने महिलाओं को काटना शुरू कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पार्षद नरेश मेहता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे. गंभीर रूप से घायल एक महिला को बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि शेष महिलाओं का स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया है. सोजत शहर के रामेलाव तालाब सरहद में भी इसी तरह की घटना घटित हुई. यहाँ तालाब के पास पूजा कर रही महिलाओं पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया. इस हमले में 5-6 महिलाएं घायल हो गई हैं. यहाँ भी मधुमक्खियों के भड़कने का कारण पूजा के दौरान हुआ धुआं बताया जा रहा है. सभी घायल महिलाओं को तुरंत सोजत के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है.
जालोर: राजस्थान-गुजरात सीमा पर बस में लगी भीषण आग, एक की मौत
जैसलमेर से गुजरात जा रही एक प्राइवेट बस में राजस्थान-गुजरात सीमा पर नेनावा के पास तड़के 4:00 बजे अचानक आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में 6 सवारियां बुरी तरह झुलस गई हैं. इलाज के दौरान गुजरात के पालनपुर में एक यात्री की मौत हो गई है. स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सांचौर और धानेरा के अस्पतालों में भर्ती कराया है. सूचना पर पहुँची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और गुजरात पुलिस मामले की जांच कर रही है.
भरतपुर: शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, अधेड़ की जिंदा जलने से मौत
बयाना थाना क्षेत्र के शेरगढ़ गांव में देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण एक छप्परपोश घर में भीषण आग लग गई. इस हादसे में घर के अंदर सो रहे 50 वर्षीय भगवान गुर्जर की जिंदा जलने से मौत हो गई. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था. बयाना कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है. घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है.
सिरोही: पिंडवाड़ा में पैंथर का हमला, युवक गंभीर रूप से घायल
पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के बसंतगढ़ में पैंथर के आतंक से दहशत का माहौल है. यहाँ एक पैंथर ने पुनाराम नामक युवक पर अचानक हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. सूचना पर पहुँची 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल को पहले पिंडवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिरोही रेफर कर दिया गया है. वन विभाग की टीम ने पैंथर को पकड़ने के लिए क्षेत्र में जगह-जगह पिंजरे लगाए हैं.
उदयपुर: दशा माता व्रत की धूम और रोप-वे पर सफल मॉक ड्रिल
उदयपुर में आज दशा माता व्रत के अवसर पर मंदिरों में सुहागिन महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी. महिलाओं ने पीपल के पेड़ की पूजा-अर्चना कर कथा का वाचन किया और परिवार की खुशहाली की कामना की. वहीं, दूधतलाई स्थित करणी माता रोप-वे पर प्रशासन द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. ट्रॉली में चार पर्यटकों के फंसे होने की सूचना पर एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF), सिविल डिफेंस और पुलिस की टीमों ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला.
कोटपूतली-धौलपुर: सड़क हादसा और कांग्रेस का प्रदर्शन
बानसूर (कोटपूतली) के अलवर रोड पर एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार महिला रीना चौधरी की मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है. वहीं, धौलपुर में रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी और कमर्शियल सिलेंडर की अनुपलब्धता के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी आज गांधी पार्क में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित कर रही है.
बीकानेर: खाजूवाला बॉर्डर पर दो संदिग्ध युवक गिरफ्तार, एक ने पहन रखी थी BSF की ड्रेस
बीकानेर के खाजूवाला अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने बड़ी सतर्कता दिखाते हुए दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है. चक 3 कालूवाला से पकड़े गए इन युवकों में से एक ने BSF की ड्रेस पहन रखी थी. पकड़े गए युवकों की पहचान पंजाब निवासी 24 वर्षीय सतनाम सिंह और 19 वर्षीय दलजीत सिंह के रूप में हुई है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं क्योंकि पिछले दिनों इसी क्षेत्र में ड्रोन के जरिए हथियार और हेरोइन की तस्करी की घटनाएं सामने आई थीं. फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ जारी है.
दौसा: आबादी क्षेत्र में पैंथर की दस्तक, सिकराय में दहशत का माहौल
दौसा जिले के सिकराय उपखंड स्थित घूमना गांव (ढाणी बंदावाला) में पैंथर के मूवमेंट से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है. अल सुबह से ही पैंथर के आबादी क्षेत्र में दिखाई देने के बाद ग्रामीण भयभीत हैं और अपनी सुरक्षा के लिए उस पर नजर रख रहे हैं. वन विभाग और स्थानीय पुलिस को इस बारे में सूचित कर दिया गया है, ताकि पैंथर को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके.
नीमराना: कबाड़ के अवैध गोदाम में लगी भीषण आग, 3 घंटे की मशक्कत के बाद काबू
कोटपूतली-बहरोड़ के नीमराना रीको औद्योगिक क्षेत्र में देर रात कबाड़ के एक बड़े ढेर में अचानक आग लग गई. इंडियन और जापानी जोन के पास लगी इस आग के धुएं से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. दमकल की गाड़ियों ने करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि आबादी क्षेत्र में अवैध रूप से कबाड़ के गोदाम संचालित हो रहे हैं, जिससे भविष्य में बड़े हादसों का खतरा बना रहता है.
हरसौरा: सफाई करवा रहे सरपंच पति पर हमला, पुलिस ने मामला दर्ज किया
कोटपूतली के हरसौरा थाना क्षेत्र के ‘ईशरा का बास’ गांव में सरपंच पति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. सरपंच पति मेले से पूर्व रास्ते की सफाई करवा रहे थे, तभी कुछ आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर जानलेवा हमला कर दिया. हमले में उनके सिर में चोट आई है और आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़ित की शिकायत पर हरसौरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.