जोधपुर में दिनदहाड़े फायरिंग
जोधपुर की सनसिटी एक बार फिर गनसिटी बनती नजर आई, जब शहर में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना सामने आई. हुडको क्वार्टर चौराहे पर अज्ञात बदमाशों ने अचानक गोलियां चला दीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. फायरिंग में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी है.
अजमेर दरगाह मामला फिर टला
अजमेर दरगाह में शिव मंदिर होने के दावे से जुड़े मामले में एक बार फिर न्यायालय में सुनवाई टल गई है. इस मामले में अब अगली सुनवाई 21 फरवरी को होगी. बताया गया कि अधिवक्ताओं की वर्क सस्पेंड को लेकर अदालत द्वारा नई तारीख दी गई है. इससे पहले भी इस प्रकरण में सुनवाई टलती रही है. मामला संवेदनशील होने के चलते प्रशासन और संबंधित पक्षों की नजरें आगामी सुनवाई पर टिकी हुई हैं.
हनुमानगढ़ में जोहड़ में गिरा बालक सुरक्षित
हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी कस्बे में जोहड़ में गिरने से करीब 14 वर्षीय बालक की जान जोखिम में पड़ गई. सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से बालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घटना के बाद नागरिकों ने जोहड़ से पानी की निकासी की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया. लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण हादसे का खतरा बना रहता है. मौके पर पहुंचे एसडीएम टिब्बी ने जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया.
हनुमानगढ़ में सड़क हादसे में स्कूटी चालक की मौत
हनुमानगढ़ के टाऊन थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में स्कूटी चालक की मौत हो गई. नंदराम की ढाणी के पास सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से स्कूटी टकरा गई. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया. दुर्घटना में झांबर निवासी हरिराम की मौके पर ही मौत हो गई. टाऊन पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया है. मृतक के बेटे की रिपोर्ट पर टाऊन थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
डीडवाना-कुचामन में ट्रक-बाइक टक्कर, एक की मौत
डीडवाना-कुचामन जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. हादसा डीडवाना के लाडनूं रोड स्थित पुलिया पर हुआ, जहां पत्थरों से भरे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है.
राजस्थान भाजपा की अहम बैठकें और अमित शाह का दौरा
राजधानी जयपुर में आज भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है, जिसे राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष संबोधित करेंगे. इस बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मदन राठौड़ की मौजूदगी में संगठन की मजबूती और बूथ स्तर के कामकाज की समीक्षा होगी. इसके साथ ही आज शाम 8 बजे कोर कमेटी की भी बैठक बुलाई गई है. वहीं, आगामी 10 जनवरी को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का जयपुर दौरा प्रस्तावित है, जहां वे पुलिस अकादमी में नवनियुक्त कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे.
आम आदमी की जेब पर मार: सरस घी हुआ महंगा
महंगाई के मोर्चे पर आम जनता के लिए बुरी खबर है. राजस्थान में सरस घी के दामों में भारी बढ़ोतरी की गई है. सरस घी अब 20 रुपये प्रति किलो महंगा हो गया है. इस बढ़ोतरी के बाद 1 लीटर सरस घी की कीमत 588 रुपये से बढ़कर 608 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जिससे घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ेगा.
अलवर के देसूला में जमीन को लेकर तनाव, पुलिस तैनात
अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के देसूला गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए हैं. मुस्लिम समुदाय इस जमीन को कब्रिस्तान का बता रहा है, जबकि अनुसूचित जाति के लोग इसे अपनी जमीन होने का दावा कर रहे हैं. शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच उपजे तनाव के बाद जिला प्रशासन और यूआईटी (UIT) ने जमीन की पैमाइश करवाई है. फिलहाल मौके पर भारी पुलिस जाप्ता तैनात है और दोनों पक्षों को वार्ता के लिए बुलाया गया है.
कोटा के 1.5 लाख लोगों को बड़ी सौगात
कोटा वासियों के लिए नए साल का बड़ा तोहफा सामने आया है. हैंगिंग ब्रिज से लेकर कोटा बैराज तक का इलाका अब घड़ियाल अभ्यारण्य से मुक्त कर दिया गया है. वन विभाग ने करीब 732 हेक्टेयर इलाके को डिनोटिफाई करने की अधिसूचना जारी कर दी है. इस फैसले से किशोरपुरा, शिवपुरा और सकतपुरा जैसे इलाकों के 40 हजार से ज्यादा घरों को अब पट्टे मिल सकेंगे, जिससे लोगों में खुशी की लहर है.
हाईवे पर पत्थरबाजी: सिरोही में दहशत का माहौल
उदयपुर–पिंडवाड़ा हाईवे पर ढांगा पुलिया के पास देर रात पत्थरबाजों ने जमकर उत्पात मचाया. करीब आधा दर्जन से अधिक वाहनों पर पत्थर फेंके गए, जिससे मालेरा टोल की पेट्रोलिंग गाड़ी सहित कई वाहनों के कांच टूट गए. इस अचानक हुए हमले से चालकों में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन पत्थरबाज अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले. हाईवे पर अब सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
राजस्थान में कड़ाके की ठंड: माउंट आबू में जमी बर्फ
प्रदेशभर में सर्दी का सितम जारी है. माउंट आबू में लगातार तीसरे दिन तापमान जमाव बिंदु पर रहा, जिससे पोलो ग्राउंड में ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील हो गईं. वहीं, श्रीगंगानगर में पिछले तीन दिनों में पारा 10 डिग्री तक लुढ़क गया है, जहाँ मौसम विभाग ने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है. बूंदी और कोटा के ग्रामीण इलाकों में भी घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही, जिससे वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर चलना पड़ा.
खाजूवाला (बीकानेर): कोहरे के बीच बॉर्डर पर बढ़ी सुरक्षा
बीकानेर के खाजूवाला में शहर से लेकर अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर तक घना कोहरा छाया हुआ है. खराब दृश्यता को देखते हुए सीमा पर अतिरिक्त गश्त बढ़ा दी गई है. खाजूवाला पुलिस भी बॉर्डर क्षेत्र में सक्रिय है और बाहर से आने वाले वाहनों की सघन जांच कर रही है. थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत के नेतृत्व में पुलिस टीम ‘No Drink Safe Drive’ के संदेश के साथ शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और चालकों को हिदायत दे रही है.
उदयपुर: कुराबड़ क्षेत्र में पैंथर की दहशत
उदयपुर के कुराबड़ से बड़ी खबर सामने आई है जहाँ पैंथर की लगातार दस्तक से ग्रामीण डरे हुए हैं. देर रात बम्बोरा पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में पैंथर की हलचल कैद हुई है. वहां मौजूद कर्मचारियों ने सुरक्षित स्थान पर छिपकर अपनी जान बचाई. इससे दो दिन पहले भी इस पैंथर ने फिला गांव में एक गाय का शिकार किया था, जिससे पूरे इलाके में खौफ का माहौल बना हुआ है.
लूणकरणसर (बीकानेर): कुरजा पक्षियों से गुलजार हुई झील
लूणकरणसर में सात समंदर पार से आए विदेशी मेहमानों यानी साइबेरियन क्रेन का जमावड़ा लगा हुआ है. रेगिस्तान के इस इलाके में हाइवे के किनारे स्थित खारे पानी की झील पर इन पक्षियों ने अपना डेरा डाला है. स्थानीय भाषा में कुरजा कहे जाने वाले ये पक्षी सितंबर से मार्च तक यहाँ रुकते हैं. इनका कलरव पक्षी प्रेमियों को आकर्षित कर रहा है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन की नई संभावनाएं पैदा हो गई हैं.
अजमेर: दरगाह मामले पर सिविल न्यायालय में सुनवाई आज
अजमेर दरगाह में शिव मंदिर होने के दावे को लेकर आज सिविल न्यायालय में सुनवाई होनी है. हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता की अर्जी पर दोनों पक्षों के वकील अपना जवाब पेश करेंगे. अल्पसंख्यक विभाग और दरगाह कमेटी ने इस मामले को खारिज करने की अर्जी लगाई है. इस दौरान पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा भी न्यायालय पहुंचे हैं और सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है.
जैसलमेर: पुलिस कांस्टेबल ने की आत्महत्या
जैसलमेर पुलिस लाइन से एक दुखद घटना सामने आई है जहाँ कांस्टेबल नरेंद्र मीणा ने अपने सरकारी आवास में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. सवाई माधोपुर के रहने वाले नरेंद्र ने अपनी सर्विस पिस्टल का इस्तेमाल किया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. कांस्टेबल के शव का पोस्टमार्टम उनके परिजनों के आने के बाद करवाया जाएगा.
दूदू में नहर का अतिरिक्त पानी बना आफत, सिंचाई विभाग पर लापरवाही के आरोप
जयपुर के दूदू में नहर से छोड़ा गया अतिरिक्त पानी ग्रामीणों के लिए आफत बन गया है. मौजमाबाद क्षेत्र के गणेशपुरा गांव में नहर का पानी घरों और खेतों में भर गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई किसानों की फसलें जलमग्न हो गई हैं, वहीं घरों में पानी घुसने से जनजीवन प्रभावित हुआ है. ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते पानी की निकासी नहीं की गई, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या के समाधान और नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है.
ओवरलोड वाहनों के खिलाफ ग्रामीणों का धरना जारी, कांसली–शुक्लावास रोड बंद कराने की मांग
कोटपूतली में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ ग्रामीणों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा. कांसली–शुक्लावास रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही से परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और ओवरलोड वाहनों पर तुरंत रोक लगाने की मांग की. धरने के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़ का पुतला फूंका और जनप्रतिनिधियों व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. ग्रामीणों ने सरुण्ड थाना पुलिस पर धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी लगाए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.