जयपुर-जोधपुर इंटरसिटी अब इलेक्ट्रिक इंजन से चलेगी, कई ट्रेनें रद्द
रेलवे ने हरित परिवहन की दिशा में कदम बढ़ाते हुए गाड़ी संख्या 22977/22978 जयपुर-जोधपुर इंटरसिटी को आज से इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव से संचालित करने का निर्णय लिया है. इससे ट्रेन की गति और समयपालन में सुधार होगा. दूसरी ओर, जयपुर मंडल के कनकपुरा स्टेशन यार्ड में तकनीकी कार्य (नॉन-इंटरलॉकिंग) के चलते भोपाल-जोधपुर और जोधपुर-भोपाल रेल सेवाएं रद्द कर दी गई हैं. साथ ही, नई दिल्ली-दौराई शताब्दी सहित कई ट्रेनें मई माह में आंशिक रूप से खातीपुरा स्टेशन तक ही संचालित होंगी.
जयपुर: करोड़ों का गबन करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सोलर प्रोजेक्ट के नाम पर की धोखाधड़ी
जयपुर की अशोक नगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और करोड़ों के गबन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी महेश भाई को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए सरकारी संस्था ‘अक्षय ऊर्जा’ से सोलर प्रोजेक्ट स्थापित करने के नाम पर करीब 46 करोड़ 30 लाख रुपये से अधिक की राशि गबन करने का आरोप है. पुलिस अब आरोपी से इस पूरे सिंडिकेट और राशि की बरामदगी के संबंध में पूछताछ कर रही है.
दौसा: शीतलाष्टमी पर श्रद्धा का सैलाब, पारंपरिक परिधानों में महिलाओं ने की पूजा
दौसा में आज शीतलाष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. पुराने शहर स्थित शीतला माता मंदिर में तड़के 3 बजे से ही महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी. महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर माता रानी को कल शाम बने ठंडे पकवानों (बसौड़ा) का भोग लगाया और परिवार की खुशहाली की कामना की. मान्यता के अनुसार, आज घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाएगा और लोग दिनभर ठंडे भोजन का ही सेवन करेंगे.
भरतपुर और कोटा: सड़क हादसे में दो की मौत, पुरानी रंजिश में युवक की चाकू मारकर हत्या
भरतपुर के कुम्हेर थाना क्षेत्र में रारह बॉर्डर पर एक कार पलटने से दो युवकों, मिलिंद और देव, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं जिनका अस्पताल में उपचार जारी है. वहीं, कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने प्रेम नगर निवासी शुभम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस दोनों मामलों में अनुसंधान और आरोपियों की तलाश में जुटी है.
अजमेर: आबकारी विभाग की संदिग्ध कार्यप्रणाली, 5 लाख की अवैध शराब पकड़ने के बाद भी चुप्पी
अजमेर आबकारी विभाग ने सोमवार को हाईवे से एक ट्रक में करीब 5 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की, लेकिन बुधवार तक इस कार्रवाई का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है. बताया जा रहा है कि हमेशा की तरह ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. इस मामले में आबकारी इंस्पेक्टर की मिलीभगत और उदासीनता के आरोप लग रहे हैं क्योंकि विभाग मीडिया को जानकारी देने से बच रहा है, जबकि जिले में शराब तस्करी का खेल लगातार जारी है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.