Pravasi Rajasthani Divas 2025 Live: जयपुर में आयोजित प्रवासी राजस्थानी दिवस समारोह में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और उद्योग राज्यमंत्री के.के. विश्नोई ने शिरकत की. कार्यक्रम में बड़ी घोषणाओं की तैयारी की गई है, जहां थोड़ी देर में राज्य सरकार महत्वपूर्ण NRR पॉलिसी–2025 लॉन्च करने वाली है. इसके साथ ही राजस्थान डेवलपमेंट सपोर्ट पोर्टल (RDSP) को भी लॉन्च किया गया है. यह पोर्टल प्रवासी राजस्थानियों को राज्य से जोड़ने, निवेश को बढ़ावा देने और विभिन्न सेवाओं को एकीकृत प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
राजस्थानी दिवस समारोह जोर-शोर से जारी
जयपुर में प्रवासी राजस्थानी दिवस समारोह जोर-शोर से जारी है और इसी बीच कुछ ही देर में राज्य सरकार अपनी बहुप्रतीक्षित प्रवासी राजस्थानी पॉलिसी (NRR Policy-2025) लॉन्च करने वाली है. यह पॉलिसी प्रवासी राजस्थानियों को राज्य के विकास, निवेश और सांस्कृतिक समृद्धि से मजबूत रूप से जोड़ने के उद्देश्य से बनाई गई है. साथ ही, राजस्थान डेवलपमेंट सपोर्ट पोर्टल (RDSP) भी आज लॉन्च होगा, जो प्रवासी राजस्थानियों के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा. NRR पॉलिसी पांच प्रमुख स्तंभों पर आधारित है—सांस्कृतिक गतिविधि, निवेश प्रोत्साहन, कौशल विकास और रोजगार, प्रवासी सहायता तंत्र और प्रशासनिक सुगमता. माना जा रहा है कि इस पॉलिसी के लागू होने से विदेशों व अन्य राज्यों में बसे लाखों प्रवासी राजस्थानियों को लाभ मिलेगा और राज्य के आर्थिक विकास में उनकी भागीदारी और ज़्यादा होगी.
जयपुर में आयोजित प्रवासी राजस्थानी दिवस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, गजेंद्र सिंह शेखावत और जी. किशन रेड्डी विशेष विमान से दिल्ली से जयपुर पहुंचे. एयरपोर्ट पर आगमन के बाद तीनों मंत्री सीधे JECC रवाना हुए, जहां ऊर्जा, पर्यटन और खनन क्षेत्रों पर आधारित सेक्टोरल सेशन्स में वे शामिल होंगे. इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रवासी राजस्थानियों को राज्य की नई नीतियों,industrial संभावनाओं और निवेश अवसरों से जोड़ना है. केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी कार्यक्रम के महत्व और राज्य की विकास योजनाओं को नई दिशा देने की उम्मीद को बढ़ाती है.
प्रवासी राजस्थानी दिवस शाम के सत्र में आएंगे ओम बिरला व केंद्रीय मंत्री
प्रवासी राजस्थानी दिवस कार्यक्रम में शाम के सत्र को और विशेष बनाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जयपुर पहुंचेंगे. वे रात 7:30 बजे दिल्ली से विशेष विमान द्वारा जयपुर आएंगे. उनके साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भी पहुंचेंगे. ये सभी नेता शाम के प्रमुख आयोजन में शामिल होंगे, जहां प्रवासी राजस्थानियों के योगदान, राज्य में निवेश, शिक्षा व कानून से जुड़ी नीतियों पर विमर्श होगा. कार्यक्रम का उद्देश्य प्रवासी समुदाय और राजस्थान सरकार को मजबूत सहयोगी संबंधों में बांधना है.
राजस्थान फाउंडेशन का विस्तार: 14 नए चैप्टर
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान फाउंडेशन के विस्तार का सिलसिला जारी रखते हुए 14 नए चैप्टर खोले जाने की घोषणा की है.
विदेशों में विस्तार: इनमें से 9 चैप्टर विदेश में खोले जाएंगे. ये चैप्टर दक्षिण अफ्रीका, बहरीन, कुवैत, ओमान, मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, हॉन्ग कॉन्ग, न्यू ज़ीलैंड और कनाडा में स्थापित किए जाएँगे.
देश में विस्तार: पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, केरल और सिक्किम में भी पाँच नए चैप्टर खोले जाएँगे.इस विस्तार के बाद राजस्थान फाउंडेशन के चैप्टर की संख्या बढ़कर 40 हो जाएगी. इस तरीके से नए चैप्टर खुलने से प्रवासी राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से और मज़बूती से जोड़ा जाएगा.
नई NRR पॉलिसी और पोर्टल लॉन्च
जयपुर में प्रवासी राजस्थानी दिवस समारोह जारी है. आज दोपहर में प्रवासी राजस्थानी पॉलिसी लॉन्च होगी. NRR Policy-2025 की जाएगी लॉन्च. इसके साथ ही राजस्थान डेवलपमेंट सपोर्ट पोर्टल RDSP भी लॉन्च होगा.इन पहलों का उद्देश्य प्रवासी राजस्थानियों के लिए निवेश और सामाजिक योगदान के अवसरों को सुव्यवस्थित करना है.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संबोधन
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “प्रवासी राजस्थानी दिवस के अवसर पर मेरा दिल गर्व से भरा हुआ है.” उन्होंने सभी प्रवासी राजस्थानियों का स्वागत करते हुए कहा कि “यह सम्मेलन कोई सामान्य आयोजन नहीं है, यह हमारी संस्कृति और विरासत का मिलन है.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राजस्थान की संस्कृति और विरासत को साझा करने का उत्सव है. उन्होंने याद दिलाया कि पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के पहले वर्ष में ही ‘राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट’ करके एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया.
उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि “मुझे गर्व है, मेरे राजस्थानी भाई-बहन कहीं पर भी हों, आज भी वह यहाँ की मिट्टी से जुड़े हुए हैं.” उन्होंने देश और दुनिया में राजस्थान का मान बढ़ाने के लिए सभी प्रवासी राजस्थानी भाई-बहनों का तहे दिल से स्वागत किया.
प्रवासी मामलों के लिए विशेष घोषणा
मुख्यमंत्री ने प्रवासी राजस्थानियों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि प्रवासी राजस्थानियों के लिए किसी भी प्रकार की समस्या नहीं हो, इसके लिए एक ‘राजस्थानी प्रवासी मामलात विभाग’ का गठन कर दिया गया है. यह विभाग प्रवासी राजस्थानियों के सहयोग के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध करवाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि “प्रवासी राजस्थानी दुनिया में कहीं पर भी रहें, लेकिन प्रवासियों को अपने प्रदेश से दूरी महसूस नहीं हो, यही हमारा प्रयास है.”
अनिल अग्रवाल को ‘प्रवासी राजस्थानी पुरस्कार 2025’
प्रवासी राजस्थानी दिवस के अवसर पर उद्योगपति अनिल अग्रवाल को ‘प्रवासी राजस्थानी पुरस्कार 2025’ से नवाजा गया. राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संयुक्त रूप से यह पुरस्कार देकर अनिल अग्रवाल को सम्मानित किया.
प्रसिद्ध उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने अपने संबोधन में राजस्थान के प्रति अपना गहरा लगाव व्यक्त करते हुए कहा कि “दिल भी दिया है, जान भी देंगे, राजस्थान के लिए सब कुछ करेंगे.” उन्होंने कहा कि जिस तेज़ी से राजस्थान विकास की गति से दौड़ रहा है, “जयपुर और दिल्ली में अब कोई फ़र्क नहीं रह गया है.”
उन्होंने व्यक्तिगत जुड़ाव बताते हुए कहा, “रिंग्स में रहा, भरतपुर में मेरा जन्म हुआ, परवरिश मेरी बिहार में हुई, लेकिन राजस्थान से मेरा हरदम लगाव रहा है.” उन्होंने राजस्थान को एक अद्भुत जगह बताया जो पूरी दुनिया में अपनी अद्वितीय पहचान रखती है. उन्होंने कहा कि दुनिया से अगर कोई हिंदुस्तान में आना चाहता है, तो उसकी सबसे पहली पसंद होती है राजस्थान.
अग्रवाल ने राजस्थान की धरती पर काम करने का मौका मिलने पर खुशी व्यक्त की और ज़ोर दिया कि राजस्थान में इंडस्ट्रियल पावर की आवश्यकता है, जिसके लिए रॉ मटेरियल से लेकर एनर्जी और पानी की उपलब्धता हो. उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरती में कई प्रकार के खनिज हैं.
पंजाब के गवर्नर गुलाबचंद कटारिया का उद्बोधन
पंजाब के गवर्नर गुलाबचंद कटारिया ने राजस्थान की ऐतिहासिक और वीर विरासत को याद करते हुए कहा कि “राजस्थान वीरों की धरती है.” उन्होंने कहा कि यहाँ पर कई वीरों ने अपना त्याग और बलिदान देकर इस धरती को सुरक्षित रखने का काम किया है.
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने एक कार्यक्रम में मारवाड़ी राजस्थानियों की मेहनत, संघर्ष और वैश्विक पहचान की खुलकर सराहना की. उन्होंने कहा कि राजस्थानी समुदाय ने कभी हार नहीं मानी और जो ठान लिया, उसे अपनी कर्मठता और समर्पण से पूरा कर दिखाया. मुंबई, दिल्ली, कोलकाता ही नहीं, बल्कि दुनिया के हर कोने में राजस्थानियों ने अपनी सफलता का परचम लहराया है. गोयल ने राजस्थानियों की मेहमाननवाज़ी की भी जमकर तारीफ की और कहा कि उनकी खातिरदारी की मिसाल विश्वभर में दी जाती है. उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दो वर्षीय कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया और कहा कि ‘राइजिंग राजस्थान’ व ‘प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन’ जैसे आयोजन नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं. गोयल का मानना है कि यदि प्रवासी राजस्थानी विकसित राजस्थान के संकल्प को सौ प्रतिशत निभाते हैं, तो राज्य की विकास यात्रा नई ऊंचाइयों को छू लेगी और इसमें चार चांद लग जाएंगे.
प्रवासी राजस्थानी दिवस कार्यक्रम शुरू
जयपुर के JECC में प्रवासी राजस्थानी दिवस कार्यक्रम शुरू हो गया है. उद्घाटन सत्र के साथ ही उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ का संबोधन शुरू हो गया है.
प्रवासी राजस्थानी दिवस के कारण ‘नो-ड्रोन ज़ोन’
राजधानी जयपुर में आज प्रवासी राजस्थानी दिवस का ग्रैंड आयोजन सीतापुरा के JECC में हो रहा है. इस आयोजन के चलते राजधानी जयपुर में भारी VVIP मूवमेंट है. सुरक्षा के लिहाज़ से जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने आदेश जारी करते हुए आज शहर के कई इलाक़ों में ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी लगा दी है. सांगानेर, एयरपोर्ट, सांगानेर सदर थाना इलाक़े नो-ड्रोन ज़ोन घोषित किए गए हैं. इसके अलावा प्रताप नगर और जवाहर सर्कल में भी पाबंदी लगाई गई है. यह आदेश एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजीव पचार ने जारी किए हैं.
जयपुर से ख़बर है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने निवास से रवाना हुए और प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन में जाने से पहले मोती डूंगरी गणेश मंदिर में दर्शन करने पहुँचे. मुख्यमंत्री ने गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया.
उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ पहुँचे JECC
उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ प्रवासी राजस्थानी दिवस-2025 के भव्य आयोजन स्थल JECC (जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर) पहुँच गए हैं. वे इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में निवेशकों और प्रवासी राजस्थानियों के साथ निवेश, उद्योग और NRR पॉलिसी से संबंधित सत्रों में भाग लेंगे.
प्रवासी राजस्थानी दिवस-2025: JECC में भव्य आयोजन
जयपुर के JECC में प्रवासी राजस्थानी दिवस-2025 को लेकर भव्य आयोजन किया जा रहा है. यह आयोजन प्रवासी राजस्थानियों के लिए निवेश, नवाचार और सामाजिक योगदान के नए अवसर प्रदान करेगा. कार्यक्रम में राजस्थान की संस्कृति, विरासत और आधुनिक प्रगति की विशेष प्रस्तुति दी जा रही है.सुबह 10 बजे उद्घाटन सत्र के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसमें सभी 26 राजस्थान चैप्टर के पदाधिकारी शामिल होंगे. कार्यक्रम स्थल पर ‘प्रगति पथ’ थीम पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित पैनल और वीडियो फिल्म प्रदर्शित की जाएगी. इस प्रदर्शनी का उद्देश्य प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश की विकास यात्रा से अवगत कराना है, ताकि वे ‘बढ़ता राजस्थान- हमारा राजस्थान’ भाव के साथ अच्छी यादें लेकर लौटें.
निवेश और भागीदारी पर ज़ोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि खनन, ऊर्जा, शिक्षा–पर्यटन में निवेश की अपार संभावनाएँ हैं और प्रवासी राजस्थानियों का अपनी मातृभूमि में निवेश ‘सुखद अहसास’ है. सरकार निवेशकों को हरसंभव सहयोग दे रही है और विशेष डैशबोर्ड भी बनाया गया है. NRR पॉलिसी-2025 से निवेश का मज़बूत इको सिस्टम बनेगा.महत्वपूर्ण सेक्टोरल सत्र ऊर्जा, पर्यटन, शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य और जल संसाधन पर केंद्रित रहेंगे. साथ ही, प्रवासी राजस्थानियों को ‘कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान’, ‘विद्यालय भामाशाह योजना-2025’ और ‘ज्ञान संकल्प पोर्टल’ से जुड़ने का अवसर मिलेगा. राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी विभाग से संवाद सशक्त होगा. विभिन्न चैप्टर्स के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के निर्णयों के लिए आभार जताते हुए कहा कि राजस्थान में निवेश अनुकूल माहौल तैयार हुआ है.
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम और उद्घाटन सत्र
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे.
- प्रस्थान: मुख्यमंत्री सुबह 9.30 बजे CMR (मुख्यमंत्री निवास) से JECC, सीतापुरा के लिए रवाना होंगे.
- उद्घाटन सत्र: वे सुबह 10 बजे कार्यक्रम स्थल JECC, सीतापुरा पहुंचेंगे.
- उपस्थिति: उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक उपस्थित रहेंगे. इसके बाद लंच और विभिन्न सत्रों में भाग लेंगे.
- समापन: शाम 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम और डिनर का आयोजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री की उपस्थिति संभावित है.
केंद्रीय और राज्य स्तरीय गणमान्य व्यक्ति
इस कार्यक्रम में केंद्र सरकार के कई महत्वपूर्ण मंत्री शामिल हो रहे हैं, जो इस इवेंट के महत्व को बढ़ाते हैं.
उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे:
- केंद्रीय जल शक्ति मंत्री C.R. पाटिल
- केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल
- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (शाम के कार्यक्रम में शामिल होंगे)
- रात्रि कार्यक्रम (सांस्कृतिक और डिनर) में शामिल होंगे:
- केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल
- केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव
- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी
- केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर
- केंद्रीय खान एवं कोयला मंत्री G. किशन रेड्डी
- केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत
- केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्यमंत्री जयन्त चौधरी
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान
उद्योगपतियों का विशेष सेशन
कल के सत्र में कई दिग्गज उद्योगपति और शिक्षाविद शामिल होंगे, जिनमें शामिल हैं: अनिल अग्रवाल, हरि मोहन बांगड़, दीपाली गोयनका, माधव सिंघानिया, प्रिया अग्रवाल, अंजलि सिंह, उमेश चौधरी, संजय अग्रवाल, गिरीश अग्रवाल, मोतीलाल ओसवाल, अनिल गुप्ता, विनोद चौधरी, कमल बाली, प्रो. वी. रामगोपाल राव, प्रो. अशोक बनर्जी, प्रो. अविनाश कुमार अग्रवाल, अमिताभ भट्टाचार्य, रोहित साबू, डॉ. जयवीर सिंह राठौड़, डॉ. विपिन गोयल, संजय झावर, अरुण मिश्रा और मनीष खंडेलवाल.
इन सत्रों में उद्योगपतियों के अनुभव साझा करने के साथ ही प्रवासी राजस्थानी समाज के लिए नीतियों और राज्य में निवेश के अवसरों पर विस्तृत चर्चा होगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.