जोधपुर पुलिस की बड़ी सफलता
जोधपुर पश्चिम पुलिस ने साइबर सेल की मदद से बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने CEIR पोर्टल के जरिए ट्रैक कर 105 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं. बरामद किए गए मोबाइलों की कुल कीमत करीब 29 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने ये सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए, जिससे परिवादियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली. पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत संचार साथी या CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं.
कोटा में ट्रोला हादसा: मृतकों की संख्या 4
कोटा के पापड़ी क्षेत्र में सड़क चलते श्रद्धालुओं को ट्रोले से कुचलने के मामले में एक और घायल बालिका की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस हादसे में मरने वालों की संख्या अब चार तक पहुंच चुकी है. हादसे में घायल 10 लोगों का अभी भी अस्पताल में इलाज जारी है. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. बूंदी जिले की लाखेरी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है.
किशनगढ़ एयरपोर्ट पर घने कोहरे से विमान सेवा प्रभावित
घने कोहरे के कारण किशनगढ़ एयरपोर्ट पर बुधवार को विमान संचालन बाधित रहा. स्टार एयर की पुणे से किशनगढ़ आ रही नियमित फ्लाइट खराब दृश्यता के चलते लैंड नहीं कर सकी. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने विमान को अहमदाबाद एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया. बताया गया कि सुबह से क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा, जिससे रनवे की विजिबिलिटी तय मानकों से नीचे चली गई. फ्लाइट में कुल 90 यात्री सवार थे. मौसम साफ होने के बाद विमान को अहमदाबाद से किशनगढ़ लाने की संभावना जताई जा रही है. फ्लाइट डायवर्ट होने से यात्रियों और उनके परिजनों में कुछ देर असमंजस की स्थिति बनी रही. वहीं किशनगढ़ से पुणे जाने वाले 57 यात्री एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे. एयरलाइन की ओर से यात्रियों को स्थिति की जानकारी दी गई.
सिरोही में फॉरेस्ट चौकी मोड़ पर भीषण सड़क हादसा
सिरोही जिले के इसरा कृष्णगंज फॉरेस्ट चौकी मोड़ पर टेम्पो और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर में बड़ा सड़क हादसा हो गया. इस दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कृष्णगंज अस्पताल से सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. घटना की सूचना मिलते ही कृष्णगंज पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभाला. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
जोधपुर में सड़क निर्माण में देरी से फूटा लोगों का आक्रोश
जोधपुर के मंडोर इलाके के मगरा-पुंजला क्षेत्र में सड़क निर्माण में हो रही देरी को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने रास्ता रोककर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से समझाइश की. काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और रास्ता खुलवाया. प्रशासन की ओर से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया.
जोधपुर में घने कोहरे में दो डंपर आपस में भिड़े
धुंधाड़ा–लूणी मुख्य मार्ग पर घने कोहरे के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया. सतलाना गांव के पास बुधवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे दो डंपर आपस में टकरा गए. बताया जा रहा है कि अचानक मवेशी सामने आने से आगे चल रहे डंपर ने ब्रेक लगाया, तभी पीछे से आ रहे डंपर ने तेज टक्कर मार दी. हादसे में चालक केबिन में फंस गया, जिसे ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया. सूचना पर लूणी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. कुछ देर यातायात बाधित रहा.
अजमेर में हाई सिक्योरिटी जेल में प्रतिबंधित सामान मिलने का मामला
अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में स्मार्ट वॉच, सिम और चार्जर मिलने के मामले में पुलिस ने तीन हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. सिविल लाइन थाना पुलिस ने सचिन, दिनेश और गुलजारी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया. आरोपियों से संदिग्ध सामान के इस्तेमाल को लेकर पूछताछ की जा रही है. आईपीएस अजय सिंह की चेकिंग के दौरान यह सामान बरामद हुआ था. बदमाशों ने शौचालय की दीवार और परदे की आड़ में इन वस्तुओं को छुपा रखा था. पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा.
बाड़मेर में धोरीमन्ना में पांचवें दिन भी धरना जारी
बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना क्षेत्र में प्रशासनिक फैसले के विरोध में धरना लगातार जारी है. पूर्व मंत्री हेमा राम चौधरी के नेतृत्व में चल रहा यह धरना आज पांचवें दिन में प्रवेश कर गया. प्रदर्शनकारी धोरीमन्ना और गुड़ामालानी को बालोतरा जिले में शामिल किए जाने का विरोध कर रहे हैं. धरनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुटे हुए हैं और सरकार के फैसले को वापस लेने की मांग कर रहे हैं. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, लेकिन फिलहाल आंदोलन समाप्त होने के आसार नहीं दिख रहे हैं.
टोंक में संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ का दौरा
टोंक जिले में संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे संभाग स्तर पर चल रहे SIR कार्यों का निरीक्षण करेंगे. कार्यक्रम के तहत वे कलेक्टर कार्यालय, DSO ऑफिस और ट्रेजरी का निरीक्षण करेंगे. बताया जा रहा है कि वे थोड़ी देर बाद कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक भी कर सकते हैं. इस दौरे को प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
चौमूं घटनाक्रम जांच को लेकर कांग्रेस कमेटी
चौमूं घटनाक्रम की जांच के लिए गठित कांग्रेस की चार सदस्यीय जांच समिति आज दोपहर 2 बजे चौमूं पहुंचेगी. पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर बनाई गई यह समिति मौके पर ग्राउंड ज़ीरो का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेगी. समिति गिरफ्तार लोगों, बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित परिवारों और सर्व समाज के प्रतिनिधियों से संवाद करेगी. समिति जमीनी हकीकत जानकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसे पीसीसी अध्यक्ष को सौंपा जाएगा. समिति के अध्यक्ष फुलेरा विधायक विद्याधर चौधरी हैं, जबकि धर्मेंद्र राठौड़, एम.डी. चौपदार और राजेन्द्र आर्य सदस्य हैं.
जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट लेट
जयपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह कई उड़ानों में देरी देखी गई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. इंडिगो की अहमदाबाद, देहरादून, जैसलमेर, इंदौर और लखनऊ जाने वाली फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय से एक से दो घंटे देरी से रवाना होंगी. अहमदाबाद की फ्लाइट सुबह 8:10 के बजाय 10:20 बजे, देहरादून की 8:25 की जगह 10:25 बजे उड़ान भरेगी. इसी तरह जैसलमेर, इंदौर और लखनऊ की फ्लाइट्स भी देरी से संचालित होंगी. यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा.
विधानसभा सदाचार समिति बैठक
राजस्थान विधानसभा में आज सदाचार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी. सवाल के बदले घूस लेने के आरोपों से जुड़े मामले में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के विधायक जयकृष्ण पटेल समिति के सामने पेश होंगे. इस मामले के अनुसंधान अधिकारी को भी समिति ने तलब किया है. दोनों को सुबह 11 बजे विधानसभा में उपस्थित होना होगा. सदाचार समिति इस पूरे प्रकरण की जांच करेगी और आरोपों से जुड़े तथ्यों को परखेगी. यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में काफी चर्चा में है और बैठक को अहम माना जा रहा है.
सिरोही: करोड़ों की अवैध शराब गुजरात पहुंची, पुलिस पर सवाल
सिरोही से सटी मंडार बॉर्डर के रास्ते गुजरात पहुंची करोड़ों की अवैध शराब ने राजस्थान पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. गुजरात की पंथावड़ा पुलिस ने एक ट्रेलर से 1.26 करोड़ रुपए मूल्य की 18,060 विदेशी शराब की बोतलें बरामद की हैं. इतनी बड़ी खेप सिरोही के कई थानों के सामने से गुजर गई और स्थानीय पुलिस को भनक तक नहीं लगी. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि सिरोही पुलिस की भूमिका की जांच की मांग उठ रही है.
जोधपुर: कोहरे और ठंड का सितम
पश्चिमी राजस्थान में ठंड के साथ-साथ भीषण कोहरे ने जनजीवन प्रभावित किया है. हवा में उच्च आर्द्रता के कारण ग्रामीण इलाकों में विजिबिलिटी घटकर मात्र 5 मीटर रह गई है. सड़कों पर वाहन रेंगने को मजबूर हैं. चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ रहा है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.