भारतीय क्रिकेट के प्रतिष्ठित मुकाबले इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले चरण का शेड्यूल जारी होने के बाद जयपुर के क्रिकेटप्रेमियों को निराशा हाथ लगी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा घोषित पहले फेज के कार्यक्रम में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम को एक भी मैच की मेजबानी नहीं दी गई है।
इस शेड्यूल के अनुसार राजस्थान रॉयल्स को पहले चरण में कुल तीन मुकाबले खेलने हैं लेकिन ये तीनों मैच जयपुर के बजाय असम की राजधानी गुवाहाटी में आयोजित किए जाएंगे। गुवाहाटी स्थित बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम को इस बार राजस्थान रॉयल्स का वैकल्पिक होम ग्राउंड बनाया गया है, जहां टीम अपने शुरुआती मुकाबले खेलेगी।
गुवाहाटी में होने वाले इन मुकाबलों में चेन्नई सुपरकिंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू और मुंबई इंडियंस जैसी बड़ी टीमों के साथ मैच शामिल हैं। ऐसे में जयपुर के क्रिकेट प्रेमियों को पहले चरण में अपने शहर में स्टार खिलाड़ियों को देखने का मौका नहीं मिल पाएगा। फैंस महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचते हैं, लेकिन इस बार शुरुआती चरण में यह अवसर नहीं मिलेगा।
ये भी पढ़ें: LPG Crisis: अवैध गैस रिफिलिंग पर प्रशासन की सख्ती, रसद विभाग ने सवीना में छापेमारी कर 6 सिलेंडर जब्त किए
जयपुर में आईपीएल मैचों को लेकर पिछले कुछ समय से कई तरह की चर्चाएं और विवाद भी सामने आए थे। इसी बीच जब पहले फेज के शेड्यूल में जयपुर को जगह नहीं मिली, तो शहर के क्रिकेट प्रशंसकों में मायूसी देखी जा रही है। सोशल मीडिया पर भी कई फैंस ने अपनी निराशा जाहिर करते हुए कहा कि राजस्थान रॉयल्स का मुख्य होम ग्राउंड होने के बावजूद जयपुर को शुरुआती चरण में मैच नहीं मिलना निराशाजनक है।
हालांकि आईपीएल 2026 के दूसरे फेज का शेड्यूल अभी जारी नहीं किया गया है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि दूसरे चरण में जयपुर को मैचों की मेजबानी मिल सकती है। यदि ऐसा होता है तो जयपुर के क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को लाइव देखने का मौका मिल सकता है। फिलहाल जयपुर के फैंस की नजर अब दूसरे चरण के कार्यक्रम पर टिकी हुई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.