Jaipur Local News : जयपुर के झोटवाड़ा में 5 करोड़ की लागत से नया पंचायत समिति भवन बन रहा है, जो अप्रैल 2027 तक तैयार होगा. 1500 स्क्वायर मीटर में 25 हाईटेक कमरे होंगे. इससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी. इस पंचायत समिति के बनने के बाद लोगों को अपने कामों के लिए जगह-जगह चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा पंचायत समिति के लोगों के लिए अच्छी खबर है. पिछले लंबे समय से अपने छोटे-छोटे कामों के लिए शहर के एक कोने से दूसरे कोने तक चक्कर काट रहे हैं हजारों लोगों को राहत मिलने वाली है. अब झोटवाड़ा पंचायत समिति का नया और भव्य प्रशासनिक भवन निर्माण का काम शुरू हो चुका है. इस पंचायत समिति के बनने के बाद लोगों को अपने कामों के लिए जगह-जगह चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से यह पंचायत समिति भवन बनाया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार इस भवन के निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है और अप्रैल 2027 तक पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा. आपको बता दें कि पूर्व में शहर के बीच झोटवाड़ा से पंचायत समिति हटने के बाद जो प्रशासनिक बिखराव हुआ था, यह नया भवन उसे समेटने का काम करेगा. फिलहाल कंवर का बास के सामुदायिक भवन में अस्थाई ठिकाने पर चल रही यह पंचायत समिति जल्द ही अपने खुद के विशाल भवन से संचालित होगी.

इस नए भवन को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. करीब 1500 स्क्वायर मीटर में बन रही इस बिल्डिंग में कुल 25 हाईटेक कमरे होंगे. यह भवन 18 माह में बनकर तैयार हो जाएगा. पुराने भवन से बेदखल होने के बाद झोटवाड़ा पंचायत समिति के अधीन आने वाले कार्यालय लावारिस स्थिति में अलग-अलग दिशाओं में बंट गए. इसका सबसे ज्यादा खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है. एक काम के लिए लोगों को करीब 20 किमी का सफर तय करना पड़ता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

झोटवाड़ा की इस नए पंचायत समिति भवन के बनने से हजारों लोगों का समय बचेगा, एक ही छत के नीचे सभी काम हो पाएंगे. इसके अलावा अलग-अलग गांवों जालसू, सिरसी, मांचवा के चक्कर नहीं लगाने होंगे. तकनीकी और प्रशासनिक शाखाएं एक साथ होने से फाइलों का निस्तारण तेज होगा. वहीं, सबसे खास बात ये है यहां बनने वाले नए वीसी रूम के जरिए जयपुर मुख्यालय और राज्य स्तर की मीटिंग्स सीधे पंचायत समिति से हो सकेंगी.

कर्मचारियों के लिए परिसर में हीकरीब 7 स्टाफ क्वार्टर बनाए जाएंगे. यहां पर करीब 15000 वर्ग मीटर में सरकारी टाउनशिप भी विकसित की जाएगी. जानकारी के अनुसार सिर्फ पंचायत समिति भवन ही नहीं, बल्कि भविष्य में यहां एक पूरा सरकारी हब विकसित होगा. जेडीए ने इस परिसर के लिए कुल 15000 वर्ग मीटर भूमि आवंटित की है. वर्तमान में बन रहा 1500 वर्ग मीटर का भवन तो सिर्फ शुरुआत है. जैसे ही यह प्रोजेक्ट पूरा होगा, मांचवा में चल रही सूचना एवं प्रसारण तकनीकी शाखा यहां शिफ्ट हो जाएगी. सबसे बड़ी राहत यह होगी कि ई-मित्रों का संचालन भी इसी भवन से होगा, जिससे ग्रामीणों को ऑनलाइन फॉर्म या प्रमाण पत्रों के लिए दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.