स्वास्थ्य जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और वित्तीय सुरक्षा के व्यापक संदेश के साथ ग्लोबल हेल्थ एंड वेलनेस फेस्टिवल का सफल समापन हुआ। जस्ट हेल्थ एंड वेलनेस एवं गौमाया के संयुक्त तत्वावधान में इसका आयोजन किया गया। समापन अवसर पर संस्थापक हिम्मत सिंह नाथावत ने 6 और 7 फरवरी 2027 को पुनः मिलने का संदेश देते हुए स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया। गौमाया के संस्थापक डॉ. सीताराम गुप्ता ने बताया कि दोनों दिनों में कुल सात विश्व रिकॉर्ड बनाए गए, जिनमें पांच पहले दिन और दो दूसरे दिन दर्ज हुए। महिला जागरूकता सत्र ‘शक्ति संवाद’ में बॉलीवुड अभिनेत्री सुधा चंद्रन सहित विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट महिलाओं ने महिलाओं के स्वास्थ्य, निवारक देखभाल, वित्तीय स्वतंत्रता और संतुलित जीवनशैली पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का संचालन एंकर प्रीति सक्सेना ने किया। इस सत्र में 1000 से अधिक महिलाओं की सहभागिता दर्ज की गई, जिसके साथ सातवां विश्व रिकॉर्ड भी बनाया गया। इंश्योर इंडिया कॉन्क्लेव के दौरान स्वास्थ्य और बीमा क्षेत्र के विशेषज्ञों ने अस्पताल-बीमा सहयोग, शल्य चिकित्सा बीमा में प्रगति, स्वास्थ्य सेवाओं में रोबोटिक तकनीक की भूमिका तथा कैंसर सुरक्षा पॉलिसियों जैसे विषयों पर विचार साझा किए। एक ही छत के नीचे 3000 से अधिक बीमा सलाहकारों की सहभागिता के साथ छठा विश्व रिकॉर्ड बनाया गया, जहां भारत के प्रत्येक नागरिक को बीमा सुरक्षा से जोड़ने का संकल्प लिया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.