लुधियाना जिले के जगराओं में आयोजित 19वें अंतर्राष्ट्रीय डेयरी और कृषि एक्सपो के दूसरे दिन भुल्लर डेयरी फार्म को इस वर्ष का पीडीएफए बेस्ट डेयरी अवार्ड प्रदान किया गया। यह पुरस्कार पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रोडी ने भेंट किया। बता दे कि पीडीएफए अध्यक्ष दलजीत सिंह सदरपुरा और अन्य पदाधिकारियों ने भुल्लर बंधुओं रेशम सिंह भुल्लर (जीरा) और सिमरजीत सिंह भुल्लर को सम्मानित किया। किसानों की उमड़ी भीड़ एक्सपो के दूसरे दिन देशभर से डेयरी मालिकों, पशुपालकों और किसानों की भारी भीड़ उमड़ी। इस कारण लुधियाना-फिरोजपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पशु मंडी का विशाल प्रांगण भी भीड़ के सामने छोटा पड़ गया, और पार्किंग स्थल पूरी तरह भर गए। पंजाब के डेयरी उद्योग को बचाने की मांग अपने संबोधन में पीडीएफए अध्यक्ष दलजीत सिंह सदरपुरा ने पंजाब के डेयरी उद्योग को बचाने की मांग की। उन्होंने राज्य में खुले पनीर और दूध उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया। सदरपुरा ने सरकार से अन्य राज्यों की तरह दूध पर 5 से 7 रुपये प्रति किलो सब्सिडी देने की भी मांग की।उन्होंने कहा कि पैकेटबंद उत्पादों को बढ़ावा देने से मिलावट पर रोक लगेगी और डेयरी उद्योग को मजबूती मिलेगी। गाय और भैंस की प्रजनन प्रतियोगिताएं आयोजित एक्सपो में गाय और भैंस की प्रजनन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें विजेताओं को लाखों रुपये के पुरस्कार दिए गए। देश-विदेश की 450 कंपनियों ने आधुनिक डेयरी और कृषि तकनीकों की प्रदर्शनी लगाई। विशेषज्ञों ने पशुपालन को लाभदायक बनाने, आधुनिक तकनीक अपनाने और पशुओं को बीमारियों से बचाने के उपायों पर जानकारी साझा की। इस अवसर पर बलबीर सिंह, राजपाल सिंह, रणजीत सिंह, रेशम सिंह, कुलदीप सिंह, परमिंदर सिंह, सुखदेव सिंह, बलजिंदर सिंह सहित कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित थीं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.