इंडिगो की रद्द उड़ानें ट्रैवल एजेंसी के कारोबार की क्रैश लैंडिंग होने लगी है। जिस हिसाब से लोग अपनी यात्राएं कैंसिल कर रहे हैं उससे नैनीताल जिले में सर्दियों के पर्यटन कारोबार को झटका लगने की आशंका है।
दरअसल दूर दराज के इलाकों से जब लोग पहाड़ों पर छुट्टियां मनाने आते हैं तो स्थानीय खूबसूरती देखने के लिए पहले ही ऑनलाइन टैक्सियां बुक करा लेते हैं। इंडिगो संकट के कारण फ्लाइट निरस्त होने से यात्री रोज टैक्सी बुकिंग निरस्त करा रहे हैं। प्रतिदिन औसतन 50 से 70 बुकिंग रद्द हो रही हैं। कुछ ऐसा ही हाल होटल कारोबारियों का भी है।
पिछले तीन दिनों में हमारी छह इनोवा गाड़ियों की बुकिंग कैंसिल हो गई हैं। एक गाड़ी छह हजार रुपए प्रतिदिन की दर पर बुक की गई थी। अब अचानक यात्री ने सारी बुकिंग कैंसिल कर दी है। समझ नहीं आ रहा अब क्या करें। – भारत भूषण, अध्यक्ष, टैक्सी महासंघ
पिछले तीन दिनोंं मेंं पांच यात्रियाें ने तीन डिजायर और दो छोटी गाड़ियों की बुकिंग रद्द की है। तकरीबन सत्तर हजार की चपत लगी है। यही सिलसिला जारी रहा तो इस बार सर्दियों में धंधे की कमर टूटना साफ दिख रहा है। – प्रशांत नेगी, कारोबारी, काठगोदाम
दो परिवारों ने कुमाऊं घूमने के लिए दो कारें बुक की थीं। डील पक्की थी इसलिए दूसरा काम नहीं पकड़ा। अब फोन आया है कि फ्लाइट कैंसिल हो गई है। इसकी वजह उनकी यात्रा भी रद्द हो गई है। अब हमारे नुकसान की भरपाई कहां से होगी कुछ पता नहीं। – राहुल गोस्वामी, कारोबारी, हल्द्वानी
जितने तीन दिन में कमाए नहीं उससे कहीं अधिक चौबीस घंटे में गंवा दिए। तीस हजार रुपये में कार की बुकिंग हुई थी लेकिन इंडिगो संकट की वजह से बुकिंग कैंसिल हो गई है। क्या करें कुछ समझ नहीं आ रहा। रेटिंग भी प्रभावित हो रही है। – रंजीत नेगी, कारोबारी