भारत का नंबर वन टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल मैच के दौरान शॉट खेलते हुए।
हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले भारत के नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल एक बार फिर देश की डेविस कप उम्मीदों का चेहरा बनकर सामने आए हैं। हाल ही में सुमित नागल को नीदरलैंड्स के खिलाफ डेविस कप 2026 क्वालिफायर्स के लिए भारतीय टीम में चुना गया है।
मुकाबला 7 और 8 फरवरी को एस. एम. कृष्णा टेनिस स्टेडियम, बेंगलुरु में खेला जाएगा। सुमित नागल के अलावा युकी भांबरी और करण सिंह को मुख्य टीम में जगह मिली है, जबकि दिग्विजय सिंह को रिज़र्व खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया है।
हाल ही में विश्व रैंकिंग 279 बरकरार
विश्व रैंकिंग 279 पर काबिज सुमित नागल हाल ही में राउंडग्लास टेनिस अकादमी से जुड़े हैं। उनका यह कदम अकादमी के लिए भी मील का पत्थर माना जा रहा है, जिसने खुद को देश के सबसे भरोसेमंद और महत्वाकांक्षी हाई-परफॉर्मेंस टेनिस केंद्रों में स्थापित किया है।
डेविस कप टीम में शामिल प्लेयर करण सिंह।
पिछले साल जीत चुके डेविस कप
सिंगल्स मुकाबलों में सुमित नागल के साथ करण सिंह और धक्षिणेश्वर सुरेश भारत की चुनौती संभालेंगे, जबकि डबल्स में अनुभवी युकी भांबरी के ऋत्विक बोलीपल्ली के साथ उतरने की संभावना है। करण सिंह इससे पहले पिछले साल फरवरी में दिल्ली के डीएलटीए कॉम्प्लेक्स में टोगो के खिलाफ डेविस कप में पदार्पण करते हुए अपने सिंगल्स मैच में जीत दर्ज कर चुके हैं।
यूरोप की धरती पर जीत दिलाने वाले नायक हैं सुमित
भारत ने सितंबर में बील, स्विट्ज़रलैंड में खेले गए डेविस कप 2025 वर्ल्ड ग्रुप-I मुकाबले में मेज़बान टीम को 3-1 से हराकर 2026 क्वालिफायर्स में जगह बनाई थी। यह जीत कई मायनों में ऐतिहासिक रही — 1993 के बाद पहली बार भारत ने यूरोप की धरती पर किसी यूरोपीय देश को हराया, और उस जीत के नायक भी सुमित नागल रहे, जिन्होंने अपने दोनों सिंगल्स मुकाबले जीतकर टीम को आगे बढ़ाया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.