शहर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर में घुसकर एक युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के समय युवती घर में अकेली थी। पुलिस प्रेम प्रसंग सहित कई एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटना गिरवाई थाना क्षेत्र के छोटे बाबा की पहाड़िया इलाके की है।
मंगलवार शाम मृतका निशा अपने घर के कमरे में टीवी देख रही थी। उसकी मां सुनीता घरों में झाड़ू-पोंछा का काम करती है। दोपहर में मां ने निशा को फोन किया था, जिस पर निशा ने बताया कि वह घर पर टीवी देख रही है। मां ने कहा था कि वह जल्दी लौटेगी और दोनों साथ में मौसी कांता के घर गणेश पूजन में जाएंगी।
शाम करीब 6 बजे जब मां घर पहुंचीं तो कमरे में निशा का शव जमीन पर पड़ा मिला। उसके गले से खून बह रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से खून से सना एक डंडा और पत्थर बरामद किया।
ये भी पढ़ें: MP News: भिंड में गलत इंजेक्शन से किसान की मौत, सर्दी-खांसी का कराने गया था इलाज; आरोपी फरार
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले निशा के साथ मारपीट की गई और उसके बाद गला रेतकर उसकी हत्या की गई। घटना के समय निशा की भाभी मेमो अपने बच्चों के टीकाकरण के लिए आंगनवाड़ी गई हुई थी, जिससे निशा घर में पूरी तरह अकेली थी। परिजनों ने किसी भी प्रकार की रंजिश से इंकार किया है।
मृतका की मां ने बताया कि निशा की शादी आगामी 20 अप्रैल को तय थी। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों को लेकर सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दीवार फांदकर घर में घुसा और वारदात को अंजाम देने के बाद उसी रास्ते से फरार हो गया। दीवार के पास पैरों के निशान भी मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।
धारदार हथियार से युवती का काटा गला, मौके पर जांच के लिए फोरेंसिक टीम पहुंची
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.