मिर्जापुर। जिले में एसआईआर के बाद अब चार विधानसभा क्षेत्रों की ऐसी स्थिति हो गई है कि वहां वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जीते हुए प्रत्याशी की जीत का जो अंतर था, उससे अधिक मतदाताओं की संख्या इस बार कम हो गई है। जिला निर्वाचन कार्यालय से जारी हुई सूचना के अनुसार इस बार जिले में हुए एसआईआर में 342761 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। यह पांचों विधानसभा क्षेत्र के आंकड़े हैं। इसमें मड़िहान विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर सभी चार विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में जो हटाए गए नामों की संख्या है, वह वर्ष 2022 में जीत के अंतर की संख्या से अधिक है। ऐसे में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है कि क्या इससे किसी को लाभ या हानि पहुंच सकती है। छानबे विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो वर्ष 2022 में हुए चुनाव में यहां पर जीत का अंतर 38113 था लेकिन एसआईआर में मतदाता सूची में जो नाम हटाए गए हैं, उनकी संंख्या 51950 है। नगर विधानसभा में जीत का अंतर 39876 था जबकि जो नाम हटाए गए हैं, उनकी संख्या दोगुनी से भी अधिक 100679है। मझवां में जीत का अंतर 33587 था जबकि यहां पर भी हटाए गए मतदाताओं की संख्या दोगुने से अधिक 69909 है। इसी प्रकार चुनार में यह संख्या 47614 थी, एसआईआर में 64788 मतदाताओं का नाम हटाया गया है। केवल मड़िहान में जीत का अंतर अधिक था। 2022 में जीत का अंतर 62911 था जबकि एसआईआर में हटाए गए नामों की संख्या 55435 ही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.