छतरपुर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित नया चंद्रपुर मोहल्ले में पत्नी को पेट्रोल डालकर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया। गंभीर रूप से झुलसी महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है, हालांकि फिलहाल वह खतरे से बाहर बताई जा रही है।
भूसे के ढेर में छिपी रही रात भर
पीड़िता रश्मि राजपूत ने बताया कि रविवार को उसके पति राजू राजपूत ने दिनभर उसके साथ मारपीट की और फंदे पर लटका रहा था। उसने जैसे-तैसे खुद को बचाया। उसके बाद शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच उसने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगते ही रश्मि जान बचाने के लिए भागी। उसका पति भी उसके पीछे भागा पर वह एक भूसे के ढेर में छिप गई। वह पूरी रात वहीं छिपी रही, आरोपी पति उसे तलाशता रहा।
चार किलोमीटर पैदल चलकर थाने पहुंची
तड़के सुबह रश्मि करीब चार किलोमीटर पैदल चलकर अधजली हालत में सिविल लाइन थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस ने तत्काल उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
ये भी पढ़ें- ‘अंजाम पता था फिर भी बच्चों को बांटा जहर, राहत दी तो उठ जाएगा भरोसा’, हाईकोर्ट की तल्ख टिप्पणी
जीरो पर कायमी आरोपी की तलाश
थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि आरोपी ने पहले मारपीट की और फिर जिंदा जलाने का प्रयास किया। महिला के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। फिलहाल जीरो पर कायम कर विवेचना की जा रही है। जिला अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टर मनोज चौधरी ने बताया कि महिला गंभीर रूप से झुलसी है, लेकिन उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।
बच्चे यतीम हो जाएंगे, पति पर नहीं चाहती कार्रवाई
महिला की मां के अनुसार रश्मि के तीन बच्चे हैं। पीड़िता का कहना है कि वह पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं कराना चाहती, क्योंकि उसे डर है कि पति जेल गया तो उसके बच्चे अनाथ हो जाएंगे। हालांकि पुलिस का कहना है कि महिला के बयानों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.