राजकीय रेलवे पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर यात्री के पास से एक किलो 117 ग्राम सोना जब्त किया है। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.70 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जब्त किया गया सोना 20-20 ग्राम के बिस्कुट के रूप में है। इसमें कुल 57 बिस्कुट शामिल हैं। यह कार्रवाई शनिवार को दिल्ली से बठिंडा जा रही गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन के सिरसा स्टेशन पर पहुंचने के दौरान की गई।
बैग से मिला सोना
जीआरपी सूत्रों के मुताबिक ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की सामान्य जांच के दौरान संदिग्ध यात्री मनोहर लाल के बैग की तलाशी ली गई। बैग में भारी मात्रा में सोना मिलने पर उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में मनोहर लाल ने बताया कि वह सिरसा जिले के ऐलनाबाद का निवासी है। उसने दावा किया कि यह सोना सिरसा शहर के 6 सुनारों का है। इसे वह दिल्ली से लेकर आया है। हालांकि, आरोपी सोने का कोई वैध बिल या दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
पुलिस कर रही जांच
जीआरपी ने इसकी सूचना आयकर विभाग को दी है। सूत्रों ने बताया कि आयकर विभाग की टीम सोमवार को जीआरपी थाने पहुंचकर मामले की जांच करेगी। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि यह सोना कहां से आया और इसका स्रोत क्या है। कहीं यह तस्करी से जुड़ा मामला तो नहीं है। आरोपी को पूछताछ के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया है। वहीं, जीआरपी थाने ने इस मामले में जानकारी देने से इन्कार कर दिया। थाना प्रभारी रणबीर सिंह के छुट्टी पर होने के कारण थाने में कोई आधिकारिक बयान नहीं दे रहा है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने जिन छह स्वर्णकारों का नाम लिया है, वे शहर के नामी सुनार हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.