शहडोल के अमलाई पुलिस ने अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए कोयले के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीन और ट्रक को जब्त करते हुए कुल 51 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति को सीज किया है।
गुरुवार शाम जारी प्रेस नोट के अनुसार कस्बा भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बटुरा में विजय यादव द्वारा अवैध रूप से कोयले का उत्खनन कराया जा रहा है और जेसीबी मशीन से ट्रक में कोयला लोड किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना अमलाई पुलिस ने खनिज अधिकारी शहडोल को अवगत कराया, जिसके बाद संयुक्त टीम गठित कर श्रीवास्तव ढाबा के पास एकत्र होकर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई।
मौके पर देखा गया कि टेलर ट्रक क्रमांक सी जी 04 जी 5878 में जेसीबी मशीन क्रमांक एमपी -20-डी ए -2540 के माध्यम से कोयला लोड किया जा रहा था। पुलिस को देखते ही जेसीबी और ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर कुछ ही दूरी पर उन्हें पकड़ लिया गया। मुख्य आरोपी विजय यादव अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पढ़ें: CBI अफसर बन टीआई को डराया: ‘गंदी फिल्में’ देखने का आरोप लगाकर ठगी की कोशिश, साइबर ठगों का नया पैंतरा
जांच के दौरान जेसीबी चालक और ट्रक चालक को कोयला परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। इस पर पुलिस ने जेसीबी मशीन (अनुमानित कीमत बीस लाख), ट्रेलर ट्रक (तीस लाख) और ट्रक में लोड लगभग 20 टन कोयला (₹1.50 लाख) जब्त कर लिया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 51.50 लाख आंकी गई है।
पूछताछ में जेसीबी चालक संदीप यादव और ट्रक चालक दीपेंद्र कुमार द्विवेदी ने स्वीकार किया कि विजय यादव के कहने पर पिछले एक से दो माह से ग्राम बटुरा से चोरी का कोयला लोड कर बिक्री और सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार आरोपी विजय यादव की तलाश जारी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस एवं खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.