पलामू में एक व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी और शव को दफना दिया। साथ ही वहां पर एक कुत्ते को मारकर फेंक दिया ताकि दुर्गंध फैलने पर लोगों को जानवर के मरने का भ्रम हो और शव दफनाने का राज न खुले।
इधर, घटना के पांच दिनों बाद मामला सामने आने पर पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जेसीबी से खुदाई कर महिला के शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना पलामू के विश्रामपुर थाना क्षेत्र की है। आरोपी पति और उसकी प्रेमिका फिलहाल फरार है।
पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जेसीबी से खुदाई कर महिला के शव को बाहर निकलवाया।
कौड़िया भुखला गांव निवासी रंजीत मेहता से हुई थी शादी
दफन शव को बाहर निकालते वक्त नावा बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव और मजिस्ट्रेट के तौर पर नावाबाजार की बीडीओ रेणु बाला मौजूद थीं।
मृतका की पहचान पांडू थाना क्षेत्र के तीसीबार दरुआ गांव निवासी द्वारिका मेहता की पुत्री प्रियंका देवी उर्फ पूजा (25) के रूप में हुई है। उसकी शादी कौड़िया भुखला गांव निवासी रंजीत मेहता से हुई थी।
परिजनों को पति रंजीत की गतिविधियों पर संदेह हुआ
परिजनों के अनुसार, प्रियंका रविवार से लापता थी। मायके पक्ष ने पहले अपने स्तर पर खोजबीन की। जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों को पति रंजीत की गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और तुकबेरा गांव के आसपास पूछताछ शुरू की।

घटनास्थल पर जुटी लोगों की भारी भीड़।
ग्रामीणों से मिली जानकारी पर पुलिस पहुंची शव तक
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि रविवार को रंजीत मेहता ने जेसीबी से गड्ढा खुदवाया था और अगले दिन उसे भर दिया गया था।
ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस तुकबेरा गांव के डेरौना टोला पहुंची, जहां बिजली टावर के पास करीब पांच फीट गहरे गड्ढे में शव दबाए जाने की पुष्टि हुई।
प्रियंका पति के अवैध संबंध में बन रही थी बाधा
जांच में सामने आया है कि रंजीत का तुकबेरा गांव की एक महिला से अवैध संबंध था। पत्नी प्रियंका इस रिश्ते में बाधा बन रही थी। इसी वजह से उसने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस ने बताया कि प्रियंका की गला दबाकर हत्या की गई थी। हत्या के बाद से आरोपी पति रंजीत मेहता और उसकी प्रेमिका दोनों फरार हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.