पलामू के किसान लखन चौधरी ने नीलगाय से फसल बचाने का देसी और सटीक समाधान खोजा है. गेहूं के खेत की मेढ़ पर सूर्यमुखी लगाने से उसकी गंध के कारण नीलगाय खेत से दूर रहती हैं. यह तकनीक बिना अतिरिक्त खर्च के फसलों को सुरक्षा प्रदान करती है और सूर्यमुखी से अतिरिक्त आय भी सुनिश्चित करती है.
पलामू जिले के चैनपुर निवासी लखन कुमार चौधरी पिछले 15 वर्षों से खेती कर रहे हैं. खेती ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है. हर साल की तरह इस बार भी उन्होंने रबी सीजन में गेहूं की खेती की है. समय पर जुताई, बुवाई और सिंचाई के साथ वे फसल की नियमित देखभाल करते हैं. इसके साथ ही उन्होंने अरहर की खेती भी की है और खेत की घेराबंदी कर फसलों को सुरक्षित रखने का प्रयास किया है.
नीलगाय किसानों के लिए सबसे बड़ी परेशानी
इस क्षेत्र में नीलगाय किसानों के लिए गंभीर संकट हैं. झुंड में खेतों में घुसकर नीलगाय खड़ी फसलों को रौंद देती हैं, जिससे गेहूं, अरहर और अन्य फसलें पूरी तरह नष्ट हो जाती हैं. कई बार रातों-रात महीनों की मेहनत बर्बाद हो जाती है. लखन कुमार चौधरी बताते हैं कि पहले उनकी फसलें भी नीलगाय के कारण खराब हो चुकी थीं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा.
सूर्यमुखी से मिला समाधान
नीलगाय से फसल बचाने के लिए लखन कुमार चौधरी ने एक देसी और कारगर उपाय अपनाया. उन्होंने गेहूं के खेत की मेढ़ पर सूर्यमुखी की फसल लगाई. सूर्यमुखी के पौधों से निकलने वाली गंध नीलगाय को पसंद नहीं आती. पिछले साल पहली बार इस प्रयोग के सकारात्मक नतीजे सामने आए. आसपास के खेतों में जहां नीलगाय ने नुकसान किया, वहीं उनका खेत पूरी तरह सुरक्षित रहा.
तकनीक के फायदे
इस साल भी लखन कुमार चौधरी ने वही तरीका अपनाया है. उनका कहना है कि सूर्यमुखी की मेढ़बंदी से नीलगाय खेत के पास भी नहीं आतीं. इससे बिना किसी अतिरिक्त खर्च के फसल की सुरक्षा हो जाती है. न महंगी बाड़ लगानी पड़ती है और न ही रात में रखवाली करनी होती है। साथ ही सूर्यमुखी से अतिरिक्त आय की संभावना भी रहती है. यह तकनीक पर्यावरण के अनुकूल है और अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश करती है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.