रैहन (कांगड़ा)। वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी के विद्यार्थियों के लिए नए शिक्षा सत्र से रोजगारोन्मुखी शिक्षा के द्वार खुलने जा रहे हैं। कॉलेज में आगामी सत्र से हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट कोर्स शुरू किया जाएगा। मंगलवार को फतेहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश प्लानिंग बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया ने इसकी घोषणा की है।
कॉलेज के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे भवानी पठानिया ने भविष्य में अन्य मैनेजमेंट कोर्स शुरू करने का भी आश्वासन दिया। पठानिया ने युवाओं को बदलते दौर के साथ चलने की सीख देते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और चैटजीपीटी जैसी आधुनिक तकनीकों में दक्षता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि तकनीक के सही उपयोग से युवा स्वरोजगार और नौकरी के बेहतर अवसर सृजित कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और खेलों में सक्रिय भाग लेने की अपील की। समारोह के दौरान संगीत विभाग के प्रो. सनी शर्मा, राकेश गर्ग और विद्यार्थियों ने शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
प्राचार्य डॉ. सचिन कुमार ने वार्षिक प्रतिवेदन के माध्यम से कॉलेज की उपलब्धियों का ब्यौरा साझा किया। अंत में मुख्य अतिथि ने शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य, पीटीए पदाधिकारी, कॉलेज स्टाफ और अभिभावक उपस्थित रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.