हर्रई थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा जुंगावानी टोल प्लाजा के पास बागदेव घाटी में हुआ, जहां पीछे से आए एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सुरलाखापा निवासी विक्रम गोस्वामी अपने रिश्ते के भाई आकाश गोस्वामी के साथ बाइक से अमरवाड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें- गल्ला व्यापारी के साथ 91 लाख की साइबर ठगी, क्रिप्टो करंसी में कमाई का दिया था झांसा
राहगीरों ने दिखाई तत्परता
घटना के तुरंत बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने एम्बुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को अमरवाड़ा सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान विक्रम गोस्वामी पिता – हुकम गोस्वामी और आकाश गोस्वामी पिता – अमरसिंह गोस्वामी ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही हर्रई थाना प्रभारी ओमेश मार्को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान हो सके।
गांव में पसरा मातम
दोनों युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया है। गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने हादसे से जुड़ी कोई जानकारी देखी या सुनी हो तो तुरंत थाने में सूचना दें।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.