फाइनेसरों की ओर से हिमाचल के एक युवक को बुरी तरह से पीटने का मामला सामने आया है। पिटाई से उसके शरीर व टांगों पर घाव के निशान बन गए। शरीर पर पड़े गहरे जख्म इस बर्बरता की गवाही दे रहे हैं। हिमाचल के कांगड़ा जिले के नलसुआ गांव निवासी युवक साहिल सोनी ने ये गंभीर आरोप कुछ फाइनेंसरों पर लगाए गए हैं।
पीड़ित का कहना है कि उसे न सिर्फ मानसिक और आर्थिक रूप से शोषित किया गया, बल्कि शराब के नशे में नग्न कर लोहे की तारों से बेरहमी से पीटा गया। युवक रेलवे वर्कशॉप में क्रेन ऑपरेटर के रूप में काम करता है। पीड़ित की शिकायत पर फर्कपुर थाना पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
ब्याज पर लोन देकर दस्तावेज और एटीएम कब्जे में लिया
पुलिस को दी शिकायत में साहिल सोनी ने बताया कि जनवरी 2023 में उसे पैसों की जरूरत थी। उसी दौरान उसके साथी राकेश ठाकुर ने उसे विष्णु नगर में अम्बे निधि लिमिटेड नाम से फर्म चलाने वाले श्याम सुंदर उर्फ बॉबी से मिलवाया। बॉबी ने 5 प्रतिशत मासिक ब्याज पर लोन देने की पेशकश की। आरोप है कि लोन देने से पहले बॉबी ने साहिल का आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, खाली चेक और स्टांप पेपर अपने पास रखवा लिए। साहिल को एक लाख रुपये की जरूरत थी लेकिन उसके खाते में दो लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। उसी दिन फाइनेंसर ने एक लाख से अधिक की रकम वापस ले ली।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.