हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और कैबिनेट मंत्रियों के दिल्ली दौरे ने राज्य में सियासी हलचल बढ़ा दी है। यह हलचल राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी को लेकर है। संभावित प्रत्याशी अपनी दावेदारी जताने लगे हैं। राज्यसभा सांसद के लिए अब तक तीन प्रमुख नाम चर्चा में थे, लेकिन अब इनमें चौथा नाम जुड़ गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल के बाद इस सूची में चौथा नाम स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल का जुड़ा है। चर्चा है कि सीएम सुक्खू धनीराम शांडिल को राज्यसभा भेजकर हिमाचल कैबिनेट में भी संतुलन साधना चाहेंगे, क्योंकि शिमला संसदीय क्षेत्र से सुक्खू कैबिनेट में अभी पांच मंत्री हैं, जबकि मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर संसदीय क्षेत्रों से सीएम-डिप्टी सीएम को मिलाकर छह मंत्री हैं। ऐसे में यदि धनीराम शांडिल को राज्यसभा भेजा जाता है तो उनके स्थान पर कांगड़ा संसदीय क्षेत्र को एक और मंत्री मिल सकता है। सुक्खू कैबिनेट में खाली पड़े एक पद पर कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की ताजपोशी पहले ही तय मानी जा रही है। इसके संकेत सीएम सुक्खू भी दे चुके हैं। लिहाजा धनीराम शांडिल चौथे दावेदार माने जा रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अनुभवी नेता आनंद शर्मा को इस रेस में सबसे आगे माना जा रहा है। वह बीते कल मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में भी शामिल हुए। प्रतिभा सिंह भी सशक्त दावेदार इसी तरह 6 बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार 2-3 दिन बाद प्रतिभा सिंह भी दिल्ली जाकर दावेदारी जता सकती है। पार्टी सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस हाईकमान रजनी पाटिल को भी हिमाचल से राज्यसभा भेजना चाह रहा है। लेकिन रजनी पाटिल को प्रत्याशी बनाए जाने से हिमाचल में फिर से बाहरी बनाम लोकल की राजनीति गरमा सकती है। इस वजह से सत्तारूढ़ कांग्रेस फरवरी 2024 में बहुमत के बावजूद राज्यसभा चुनाव हार चुकी है। इसलिए प्रदेश कांग्रेस के ज्यादातर नेता बाहरी नेता को प्रत्याशी देने के बजाय लोकल को देने की वकालत कर रहे हैं। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रत्याशी कौन होगा, इसे लेकर अंतिम फैसला हाईकमान को लेना है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.