हिमाचल की राजधानी शिमला के नवबहार में बीती रात (बुधवार को) एक तेंदुआ रिहायशी मकान के भीतर घुस गया। घनी आबादी वाले क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है। अब इसका CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि तेंदुए पहले सीढ़ियों से ऊपर चढ़ता है और दूसरी मंजिल तक पहुंच जाता है। इस दौरान वह आराम से चलता है। कोई हड़बड़ाहट नजर नहीं आ रही। शिकार नहीं मिलने पर वह आराम से नीचे उतरता है। यह घर नंदिनी पठानिया का बताया जा रहा है। जिस वक्त तेंदुआ आता है, उस दौरान परिवार के सभी लोग घर के भीतर मौजूद थे। यह घटना बुधवार रात 11 बजकर 23 मिनट की है। अच्छी बात यह रही कि तेंदुए ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया। देर रात तक घरों को लौटने वाले कामकाजी लोगों में भय तेंदुए की रिहायशी इलाके में दस्तक से लोग डरे व सहमे हुए है, क्योंकि कुछ कामकाजी लोग देर रात तक अपने घरों को लौटते हैं। शिमला का नवबहार क्षेत्र चारों तरफ से जंगल से घिरा हुआ है। यहां पहले भी सड़क व रास्तों में तेंदुआ देखा जाता रहा है। मगर यहां घर के भीतर तेंदुए के घुसने की पहली घटना है। तेंदुए की आवाजाही रोकने को वन विभाग कदम उठाए स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और तेंदुओं की आवाजाही रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही, लोगों को भी सतर्क रहने और रात के समय घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है। घटना ने एक बार फिर शिमला शहर में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को उजागर कर दिया है। शिकार की तलाश में रिहायशी इलाकों में तेंदुए की दस्तक नवबहार समेत शिमला शहर के अलग अलग उप नगरों में तेंदुआ अक्सर शिकार की तलाश में अक्सर रिहायशी इलाकों में पहुंच जाता है। शहरी क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की संख्या काफी ज्यादा हो गई है। इनकी तलाश में तेंदुआ रिहायशी इलाकों में दस्तक देता है। शिमला में 2 बच्चों को पहले उठा चुका तेंदुआ शिमला में पहले भी तेंदुए ने कई बार लोगों पर जानलेवा हमले किए है। दो बच्चों को मौत के घाट उतार चुका है। शिमला के कनलोग से 5 अगस्त 2021 को शौच करने घर से बाहर निकली सात साल की बच्ची को तेंदुआ उठा ले गया था, जिसके बाद में कुछ कपड़े मिल पाए थे। इसी तरह, शिमला के कृष्णानगर वार्ड के डाउनडेल में भी 5 नवंबर 2021 को घर के आंगन के दीवाली मना रहे 4 साल के योगराज को भी तेंदुआ उठा ले गया था। इसके बाद बच्चे की तलाश में कई दिन तक सर्च ऑपरेशन चला। बाद में बच्चे कुछ हड्डियां ही मिल पाई थी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.