हिमाचल प्रदेश सरकार ने अनुकंपा आधार पर राज्य के 202 आवेदकों को नियुक्ति प्रदान कर उन्हें नए साल का तोहफा दिया है। लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे इन अभ्यर्थियों में 127 को शिक्षा विभाग में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं। इनमें जेओए (आईटी) तथा मल्टी टास्क वर्कर शामिल हैं।
इसके अलावा गृह विभाग में 74 आवेदकों को नियुक्तियां दी गई हैं, जिनमें 70 जेओए (आईटी) और श्रेणी-4 के चार पद शामिल हैं। अभियोजन विभाग में भी एक अभ्यर्थी को नियुक्ति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इसे नए साल का तोहफा करार दिया है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में लंबे समय तक अनुकंपा आधार पर नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे लोगों की अनदेखी की जाती रही। रोजगार की उम्मीद लगाए अनेक परिवार लंबे समय तक असमंजस की स्थिति में थे कि कब उन्हें नौकरी मिलेगी, ताकि वे परिवार का भरण-पोषण सही से कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने इन परिवारों की पीड़ा को समझा और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 202 आवेदकों को नियुक्तियां प्रदान की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इन परिवारों की भलाई तथा सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है, ताकि भविष्य में उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.