झारखंड के हजारीबाग जिले में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक शख्स जमील शहनवाज के आवास पर अचानक दो से तीन गाड़ियों में पहुंची पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की टीम ने घर को चारों तरफ से घेर लिया। शुरुआती जानकारी जुटाने पर पता चला कि यह कार्रवाई राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की है, जो एक आतंकी संगठन से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में यहां पहुंची है।
सूत्रों के मुताबिक, यह छापा हजारीबाग में सक्रिय आतंकी नेटवर्क, उसके संपर्कों और संभावित टेरर फंडिंग मॉड्यूल की जांच का हिस्सा है। कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 200 से अधिक सुरक्षाकर्मी मौके पर तैनात रहे और पूरे क्षेत्र को घेरकर पेलावल इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया।
यह इलाका इससे पहले भी सुर्खियों में रह चुका है, क्योंकि यहां से ISIS से जुड़े संदिग्धों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच एजेंसी को संदेह है कि जमील शहनवाज का संबंध देशभर में आतंकी संगठनों के लिए भर्ती और लॉजिस्टिकल सपोर्ट मुहैया कराने वाले नेटवर्क से हो सकता है।
फिलहाल NIA ने जमील को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। टीम उनके घर से लैपटॉप, मोबाइल और कई अहम दस्तावेज जब्त कर रही है, ताकि टेरर फंडिंग के पूरे नेटवर्क की परतें खोली जा सकें। हालांकि, यह कार्रवाई किस विशेष मामले से जुड़ी है, इस बारे में अभी तक एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.