हिसार में ठंड से बचने के लिए सब्जीमंडी के बाहर अलाव सेकते लोग।
हरियाणा में शीतलहर ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी है। आधे से ज्यादा हरियाणा बर्फीली हवाओं की चपेट में है। आने वाली 10 जनवरी तक राहत की उम्मीद नहीं दिख रही। मंगलवार को भी शीतलहर के कारण हरियाणा के 8 जिलों में कोल्ड डे की स्थिति रही।
हिसार में 6.3°C तापमान गिर गया है। हिसार में दिन का पारा 12.2°C दर्ज किया गया। इसी तरह नारनौल में पारा 6.9°C गिरकर 13.5 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने आज भी सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, रोहतक, झज्जर, चरखीदादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नूंह और पलवल में कोल्ड डे की आशंका व्यक्त की है।
वहीं कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, करनाल, पानीपत और सोनीपत जैसे 6 जिलों में कोहरे को लेकर ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि उत्तर-उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण पहाड़ों से बर्फीली हवाएं मैदानों की ओर आ रही हैं, इसके कारण कोल्ड डे जैसी स्थिति बन रही है।
हरियाणा के अलग-अलग शहरों का अधिकतम तापमान।
क्या होता है कोल्ड डे मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो मैदानी इलाकों में जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम रहे और अधिकतम तापमान में भी सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ जाए तो उस दिन को कोल्ड डे यानी शीत दिवस के रूप में दर्ज किया जाता है।
मंगलवार को हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, नारनौल, चरखीदादरी, पानीपत और सोनीपत में कोल्ड डे जैसी स्थिति रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जब ‘कोल्ड डे’ की स्थिति होती है, तो दिन और रात के तापमान के बीच का अंतर बहुत कम रह जाता है। यानी दिन में भी उतनी ही ठंड लगती है जितनी रात को।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.